आगरा: महिला को आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाला गिरफ्तार, एक चोर और एक गैंगस्टर भी गिरफ्तार
आगरा। पुलिस ने बुधवार को शहर के तीन थाना क्षेत्रों में की गई ताबड़तोड़ कार्रवाई के तहत महिला को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने, शू-फैक्ट्री में चोरी और गैंगस्टर एक्ट के मामलों में तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। सभी गिरफ्तारियां मुखबिर की सटीक सूचना पर संभव हो सकीं। पुलिस ने आरोपियों के पास से अवैध असलहा, कारतूस और चोरी का माल बरामद किया है। इन अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की गई।
पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने वाला आरोपी गिरफ्तार
थाना सिकंदरा पुलिस ने आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के मामले में वांछित पवन सिकरवार पुत्र साहब सिंह निवासी पूनम विहार कॉलोनी, बरौली अहीर को गिरफ्तार किया है।
प्रभारी निरीक्षक नीरज शर्मा ने बताया कि आरोपी की प्रताड़ना और झगड़ों से तंग आकर एक महिला ने कुछ दिन पूर्व आत्महत्या कर ली थी। यह महिला शास्त्रीपुरम, दहतोरा में अपने बड़े बेटे के साथ आरोपी के साथ रहती थी। महिला के भाई ने उसके पति को मौत की जानकारी दी थी, जिस पर पति ने केस दर्ज कराया था। आरोपी को राजेश्वर मंदिर शमसाबाद रोड से पकड़ा गया।
शू-फैक्ट्री में चोरी करने वाला अभियुक्त तमंचा और कारतूस समेत पकड़ा
सिकंदरा थाना क्षेत्र में रुनकता स्थित टावर शू कंपनी से चोरी की घटना में वांछित पुष्पेंद्र पुत्र गोरेलाल, निवासी टीकमगढ़, मध्य प्रदेश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि करीब दो सप्ताह पूर्व फैक्ट्री के गेट के कुंडे काटकर आरोपी ने चोरी की थी, जिसमें जूते की डाई चोरी हुई थी। अभियुक्त से अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और चोरी किया गया माल बरामद हुआ है। यह गिरफ्तारी हीरालाल की प्याऊ मार्ग से की गई।
गैंगस्टर एक्ट में वांछित अभियुक्त राहुल गिरफ्तार
थाना फतेहाबाद पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित राहुल पुत्र राधेश्याम, निवासी भोलपुरा, थाना डौकी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को उसकी गिरफ्तारी की सूचना मुखबिर के माध्यम से मिली, जिसके आधार पर राहुल को कल्याणपुर पोखर से पकड़ा गया। आरोपी पर दो मुकदमे दर्ज हैं। उसे न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।