आगरा में सनकी ने युवती को घर से खींचकर खून से भरी मांग, वीडियो वायरल, आरोपी गिरफ्तार

आगरा। पिनाहट कस्बे में एक युवक ने कथित तौर पर फिल्मी अंदाज़ में जबरदस्ती एक युवती की मांग खून से भर दी। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवक नशे में धुत दिखाई दे रहा है और खुद को युवती का पति बता रहा है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

Oct 11, 2025 - 17:20
 0
आगरा में सनकी ने युवती को घर से खींचकर खून से भरी मांग, वीडियो वायरल, आरोपी गिरफ्तार
वायरल वीडियो में से निकाला गया एक चित्र, जिसमें युवती के साथ सनकी युवक दिख रहा है।

-पिनाहट कस्बे की घटना, अपहरण की धाराओं में केस दर्ज, पुलिस ने भेजा जेल

जानकारी के अनुसार आरोपी जावेद निवासी कागारौल गुरुवार रात पिनाहट कस्बे में स्थित युवती के घर पहुंचा। नशे में धुत जावेद भीड़ के सामने खुद को युवती का पति बता रहा था। वीडियो में वह कहता है, चलो, तुम्हारे सामने उसकी मांग भरता हूं।

इसके बाद वह भीड़ को साथ लेकर युवती के घर तक जाता है, जबरन घर में घुसता है और युवती का हाथ पकड़कर बाहर लाने की कोशिश करता है। विरोध करने पर वहां मौजूद एक व्यक्ति उसे पीटता है और युवती के परिजन दोनों को बाहर निकाल देते हैं।

लेकिन इसके बावजूद जावेद बाज नहीं आता। उसने अपनी कलाई काटी और खून से युवती की मांग भर दी। फिर उसे जबरन लेकर वहां से चला गया।

पहले से थे प्रेम संबंध, परिजनों ने जताई आपत्ति

सूत्रों के अनुसार जावेद और युवती के बीच पूर्व में प्रेम संबंध थे और वे पहले भी घर से भाग चुके थे। हालांकि युवती के परिजन इस रिश्ते से सहमत नहीं थे और उन्होंने इस बार पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है।

पुलिस ने किया गिरफ्तार, अपहरण का मुकदमा दर्ज

पुलिस को जैसे ही सूचना मिली, तत्काल कार्रवाई करते हुए जावेद को गिरफ्तार कर लिया गया। डीसीपी सैयद अली अब्बास ने बताया कि युवती की मां की तहरीर पर अपहरण और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। जावेद को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि वायरल वीडियो भी साक्ष्य के रूप में जांच का हिस्सा बनाया गया है।

SP_Singh AURGURU Editor