दीपोत्सव से पहले चमकें आगरा के बाजारः नेशनल चैम्बर ने पत्र लिख की नगर आयुक्त से अपेक्षा

दीपोत्सव की रोशनी से पहले आगरा को स्वच्छता की चमक देने की पहल नेशनल चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने की है। नगर आयुक्त को एक पत्र लिखकर मांग की है कि दीपोत्सव के शुभ अवसर पर शहर के प्रमुख बाजारों, व्यवसायिक स्थलों और आवासीय मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाए, ताकि शहर की सड़कों पर स्वच्छता के साथ उत्सव का उल्लास झलके।

Oct 14, 2025 - 22:51
 0
दीपोत्सव से पहले चमकें आगरा के बाजारः नेशनल चैम्बर ने पत्र लिख की नगर आयुक्त से अपेक्षा

आगरा। नेशनल चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष संजय गोयल द्वारा नगर आयुक्त को पत्र भेजकर दीपोत्सव से पूर्व शहर के सभी प्रमुख बाजारों, व्यवसायिक स्थलों और आवासीय मार्गों पर सफाई एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

चैम्बर अध्यक्ष संजय गोयल ने कहा कि दीपोत्सव के दौरान शहर के बाजारों में भारी भीड़ रहती है, ऐसे में सड़कों और गलियों में फैली गंदगी, कूड़ा-करकट और आतिशबाजी के अवशेष न केवल शहर की सुंदरता को प्रभावित करते हैं, बल्कि लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर डालते हैं। उन्होंने बताया कि सड़कों पर उड़ने वाली धूल और गंदगी सांस के माध्यम से फेफड़ों में जाकर विभिन्न प्रकार की बीमारियों को जन्म देती है।

इसी संदर्भ में चैम्बर ने नगर आयुक्त से अनुरोध किया है कि दीपोत्सव के पांच दिवसीय पर्व के मद्देनज़र सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाए, सड़कों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जाए और प्रमुख बाजारों जैसे सादाबाद, हिंग की मंडी, राजा मंडी, सब्जी मंडी, एसएन रोड और ताजगंज क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता दल तैनात किए जाएं।

चैम्बर ने कहा कि यह पहल न केवल शहर की सूरत निखारेगी, बल्कि स्वच्छ आगरा – स्वस्थ आगरा के संकल्प को भी साकार करेगी। चैम्बर के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि नगर निगम दीपोत्सव से पहले शहर की सभी सड़कों और बाजारों को स्वच्छ, सुगंधित और आकर्षक बनाने में अपनी भूमिका निभाएगा।

पत्र पर चैम्बर अध्यक्ष संजय गोयल के साथ उपाध्यक्ष द्वय संजय कुमार गोयल, विवेक जैन, कोषाध्यक्ष संजय अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल, अमर मित्तल, मनीष अग्रवाल, सदस्य सुनील सिंघल, विकास मित्तल, अमित अग्रवाल, विजय बंसल के भी हस्ताक्षर हैं।

SP_Singh AURGURU Editor