आगरा की महापौर ने यमुना घाटों की सफाई का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
आगरा। महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने शुक्रवार को नगर निगम की टीम के साथ हाथीघाट का निरीक्षण किया और घाटों पर हो रहे स्वच्छता कार्य का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान महापौर ने निगम के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सफाई में किसी भी प्रकार की कमी न छोड़ी जाए और यमुना के सभी घाट साफ-सुथरे और स्वच्छ बने रहें।
महापौर ने कहा कि यमुना नदी आगरा और आसपास के क्षेत्रों के लिए जीवनदायिनी हैं, इसलिए इसके घाटों की सफाई और संरक्षण सर्वोपरि है। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि घाटों पर साफ-सुथरे माहौल के लिए जागरूकता संदेश लगाएं, ताकि आमजन वहां गंदगी न फैलाएं।
महापौर ने यह भी कहा कि सिर्फ सफाई करना ही पर्याप्त नहीं, आमजन को भी घाटों पर गंदगी फैलाने से रोकने के लिए जागरूक किया जाएगा। नगर निगम आगरा द्वारा इस दिशा में अभियान चलाया जाएगा और जनता को यमुना के महत्व के प्रति संवेदनशील बनाने का प्रयास किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे और उन्होंने महापौर को घाटों पर किए जा रहे स्वच्छता कार्य की जानकारी दी। महापौर ने टीम को निर्देश दिए कि लगातार निगरानी रखी जाए और यमुना घाटों की सफाई में कोई भी ढील न रहे।