आगरा मेट्रो अपडेट: श्रीमनकामेश्वर से आरबीएस तक भूमिगत ट्रैक पर तेजी, सितंबर में शुरू हो सकता है संचालन

आगरा। यूपीएमआरसी (उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन) द्वारा प्रथम कॉरिडोर के शेष भूमिगत हिस्से- मनकामेश्वर से आरबीएस कॉलेज तक का कार्य तेज गति से किया जा रहा है। इस भाग में ट्रैक बिछाने का काम अब लगभग पूरा होने की ओर है और आगामी सितंबर 2025 तक भूमिगत रूट पर मेट्रो चलने की उम्मीद है।

Jul 10, 2025 - 12:09
 0
आगरा मेट्रो अपडेट: श्रीमनकामेश्वर से आरबीएस तक भूमिगत ट्रैक पर तेजी, सितंबर में शुरू हो सकता है संचालन
श्रीमनःकामेश्वर मंदिर से आरबीएस कॊलेज तक तैयार हो रहे मेट्रो के भूमिगत ट्रैक की एक झलक।

-शेष चार अंडरग्राउंड स्टेशनों का फिनिशिंग व सिग्नलिंग कार्य अंतिम चरण में, दूसरे कॉरिडोर पर भी रफ्तार

सुरंगों में ट्रैक बिछाने का काम अंतिम चरण में

राजा की मंडी से आगरा कॉलेज (अप लाइन) तक ट्रैक स्लैब की ढलाई का काम तेज़ी से चल रहा है। कुछ ही हफ्तों में दोनों सुरंगों में ट्रैक बिछाने का कार्य पूरा हो जाएगा। इसके बाद थर्ड रेल, सिग्नलिंग सिस्टम, कम्युनिकेशन लाइन, और सुरक्षा उपकरणों की टेस्टिंग शुरू हो जाएगी।

फिनिशिंग मोड में भूमिगत स्टेशन

श्रीमनःकामेश्वर, आगरा फोर्ट, राजा की मंडी, आगरा कॉलेज, इन चार भूमिगत मेट्रो स्टेशनों का फिनिशिंग कार्य अब अपने अंतिम चरण में है। स्टेशन प्लेटफॉर्म, लिफ्ट, एस्केलेटर, सुरक्षा अलार्म और यात्री सुविधाओं की अंतिम तैयारियों पर यूपीएमआरसी की टीमें लगातार कार्यरत हैं।

एनओसी में देरी से जुलाई में नहीं हो पाया संचालन

यूपीएमआरसी की प्रारंभिक योजना जुलाई 2025 में ही भूमिगत मेट्रो का संचालन शुरू करने की थी, लेकिन आगरा फोर्ट के पास रेलवे एनओसी में हुई देरी के चलते अब इस रूट पर मेट्रो सितंबर में दौड़ने की संभावना है। वर्तमान में परीक्षण और तकनीकी ट्रायल की योजना तैयार की जा रही है।

एलिवेटेड और दूसरे कॉरिडोर पर भी तेजी

प्रथम कॉरिडोर के ही आईएसबीटी से सिकंदरा तक के एलिवेटेड सेक्शन पर भी सिविल व स्ट्रक्चरल कार्य तीव्रता से चल रहा है। इसके साथ ही, दूसरे कॉरिडोर (आगरा कैंट से कालिंदी विहार) के लिए भी निर्माण की रफ्तार बढ़ा दी गई है ताकि परियोजना को निर्धारित समय पर पूरा किया जा सके।

SP_Singh AURGURU Editor