आगरा मेट्रो की टनल यात्रा पूरी, अब रफ्तार पकड़ेगी पटरी पर प्रगति

आगरा। ताज नगरी में मेट्रो परियोजना ने एक अहम मुकाम पार कर लिया है। शहर के पहले कॉरिडोर के भूमिगत हिस्से में मंगलवार को आखिरी टनल ब्रेकथ्रू सफलतापूर्वक मन:कामेश्वर मेट्रो स्टेशन पर पूरा किया गया। अब जल्द ही यहां मेट्रो ट्रेन की रफ्तार लोगों को नए सफर पर ले जाएगी। टनल बोरिंग मशीनों (टीबीएम) ने जहां भूमिगत मार्ग के निर्माण को साकार किया, वहीं यूपी मेट्रो की टीम ने समयबद्धता और तकनीकी दक्षता का परिचय दिया।

Jun 3, 2025 - 20:15
 0
आगरा मेट्रो की टनल यात्रा पूरी, अब रफ्तार पकड़ेगी पटरी पर प्रगति
आगरा मेट्रो के निर्माण कार्य के दौरान श्रीमनःकामेश्वर स्टेशन पर टीबीएम के अंतिम ब्रेकथ्रू के मौके की कुछ तस्वीरें।

श्रीमन:कामेश्वर स्टेशन पर स्थित रिट्रीवल शाफ्ट पर टीबीएम का अंतिम ब्रेकथ्रू होते ही शहर में टनल निर्माण कार्य पूर्ण घोषित कर दिया गया। इस ऐतिहासिक क्षण के गवाह बने आगरा मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह, यूपी मेट्रो के एमडी सुशील कुमार, निदेशक नवीन कुमार, प्रशांत मिश्रा, सीपी सिंह और परियोजना निदेशक अरविंद कुमार राय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी।

यूपी मेट्रो रेल कॊरपोरेशन के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने इस मौके पर टीम को बधाई देते हुए कहा, आगरा मेट्रो की टीम ने जटिल परिस्थितियों में शानदार काम कर दिखाया है। अब हमारा फोकस मेट्रो सेवाओं को जल्द शुरू करने पर है।

टनलिंग कार्य में कुल चार टीबीएम मशीनें इस्तेमाल की गईं। दो मशीनों से आरबीएस रैंप से आगरा कॉलेज तक तथा अन्य दो से आगरा कॉलेज से मन:कामेश्वर स्टेशन तक खुदाई की गई। इससे पहले सभी चार भूमिगत स्टेशनों, मेडिकल कॉलेज, आगरा कॉलेज, राजा की मंडी और आरबीएस कॉलेज का सिविल निर्माण पूर्ण हो चुका है, और अब वहां ट्रैक बिछाने, सिस्टम इंस्टॉलेशन और फिनिशिंग का काम तेज़ी से किया जा रहा है।

फिलहाल ताज ईस्ट गेट से मन:कामेश्वर तक मेट्रो ट्रेन का संचालन पहले से ही सफलतापूर्वक किया जा रहा है। शेष भूमिगत हिस्से के तैयार होते ही मेट्रो नेटवर्क और विस्तार लेगा, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी और शहर में यातायात का नया युग प्रारंभ होगा।

SP_Singh AURGURU Editor