आगरा में विधायक भगवान सिंह कुशवाह की कार को ट्रक ने मारी भीषण टक्कर, बाल-बाल बचे

आगरा। आगरा-ग्वालियर हाईवे पर रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब खेरागढ़ से भाजपा विधायक भगवान सिंह कुशवाह की कार को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने भीषण टक्कर मार दी। यह हादसा थाना मलपुरा क्षेत्र के इटौरा गांव के पास हुआ, जहां टक्कर के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।

Jun 29, 2025 - 19:59
Jun 29, 2025 - 20:00
 0
आगरा में विधायक भगवान सिंह कुशवाह की कार को ट्रक ने मारी भीषण टक्कर, बाल-बाल बचे
ट्रक से टकराने के बाद क्षतिग्रस्त हुई विधायक भगवान सिंह की गाड़ी (ऊपर) हाईवे पर लगा जाम (नीचे)।

-आगरा-ग्वालियर हाईवे पर इटौरा के पास हुआ हादसा, हाईवे पर लग गया लम्बा जाम

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विधायक भगवान सिंह कुशवाह खाटू श्याम के दर्शन कर समर्थकों संग वापस लौट रहे थे। हाईवे पर पीछे से आए एक ट्रक ने उनकी गाड़ी को इतनी जबरदस्त टक्कर मारी कि कार सीधे डिवाइडर पर चढ़ गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

इतने भीषण हादसे के बावजूद विधायक और उनके सभी समर्थक सुरक्षित हैं। किसी को सामान्य खरोंच तक नहीं आई, लेकिन कार का अगला और पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। उधर विधायक तुरंत दूसरी गाड़ी से अपने आवास के लिए रवाना हो गए।

हाईवे जाम, ट्रक जब्त

टक्कर के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को कब्जे में ले लिया और कड़ी मशक्कत के बाद यातायात सामान्य किया। घटना से गुस्साए समर्थकों ने ट्रक चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

SP_Singh AURGURU Editor