आगरा नगर निगम का 2175 करोड़ रुपये का बजट पास, शहर के विकास की नई दिशा

आगरा: महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा की अध्यक्षता में शुक्रवार को नगर निगम का बजट अधिवेशन हुआ, जिसमें 2025-26 के लिए 2175 करोड़ 95 लाख रुपये का आम बजट सर्वसम्मति से पास किया गया। यह बजट पिछले वर्ष 2024-25 से 433 करोड़ 40 लाख रुपये अधिक है। इस बजट में 197 करोड़ 53 लाख रुपये के जल कल बजट को भी हरी झंडी दी गई, जो कि पिछले वर्ष के मुकाबले 11 करोड़ 85 लाख रुपये ज्यादा है।

May 2, 2025 - 19:27
 0
आगरा नगर निगम का 2175 करोड़ रुपये का बजट पास, शहर के विकास की नई दिशा
आगरा नगर निगम के बजट अधिवेशन में डायस पर मौजूद मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह और नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल। दूसरे चित्र में मौजूद हैं पार्षदगण।

बजट में संपत्ति कर को 125 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 150 करोड़ रुपये कर दिया गया है, वहीं टोरंट पावर पर बकाया 333 करोड़ रुपये के कर को ब्याज समेत वसूलने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा सदन के सदस्यों के अनुरोध पर विज्ञापन शुल्क को नौ करोड़ रुपये से बढ़ाकर दस करोड़ रुपये किया गया। सड़कों के अनुरक्षण और मरम्मत मद में निगम निधि से 20 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट बढ़ाकर 50 से 70 करोड़ रुपये कर दिया गया है।

सफाई कर्मियों की भर्ती और विकास कार्यों में पारदर्शिता
सदन में सफाई कर्मियों की भर्ती प्रक्रिया को लेकर नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया 10 मई से शुरू की जाएगी और इसमें पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही वैंडिंग जोन में बनाई गई दुकानों का आवंटन लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से जल्द किया जाएगा। सदस्यों ने कूड़ा कलेक्शन के लिए लागू किए गए यूजर चार्ज में धांधली रोकने के लिए सतर्कता बरतने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

विधायक डॉ. जी एस धर्मेश का ताजगंज डिस्पेंसरी को पुनः चालू करने का प्रस्ताव
आगरा छावनी क्षेत्र से विधायक डॉ. जी एस धर्मेश ने ताजगंज में बंद की गई नगर निगम की डिस्पेंसरी को पुनः चालू करने का प्रस्ताव दिया। उनका कहना था कि यह डिस्पेंसरी क्षेत्रीय नागरिकों के लिए अहम स्वास्थ्य सुविधा थी, जिसे नगर निगम ने जर्जर हालत के कारण बंद कर दिया था। अब जनता को इलाज के लिए एस एन मेडिकल कॉलेज या जिला अस्पताल जाना पड़ रहा है, जिससे उन्हें काफी परेशानी हो रही है। विधायक ने इसके शीघ्र पुनरुद्धार की आवश्यकता पर जोर दिया।

सदन में प्रमुख अधिकारी और सदस्य मौजूद
बजट अधिवेशन की अध्यक्षता महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने की, जबकि संचालन अपर नगर आयुक्त सत्येंद्र कुमार तिवारी ने किया। इस मौके पर नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल, अपर नगर आयुक्त सुरेंद्र प्रसाद यादव, मुख्य लेखाधिकारी ब्रजेश सिंह और नगर निगम के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

SP_Singh AURGURU Editor