तिरंगे के रंग में रंगा आगरा: मंत्री, मंडलायुक्त, डीएम, पुलिस कमिश्नर ने किया ध्वजारोहण
आगरा। आजादी का जश्न इस बार आगरा में कुछ अलग ही अंदाज में दिखा। सुबह की पहली किरण के साथ ही शहर देशभक्ति के रंगों में सराबोर हो गया। जिधर देखो, उधर तिरंगे लहरा रहे थे। घरों, दुकानों, स्कूलों, सरकारी दफ्तरों, धर्मस्थलों और बाजारों से लेकर वाहनों तक। हर ओर देशभक्ति की गूंज थी। भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से वातावरण थर्रा उठा। आजादी का अमृत महोत्सव के मौके पर शहर के कोने-कोने में ध्वजारोहण और प्रभात फेरियों का आयोजन हुआ।
सुबह से ही देशभक्ति की लहर
सुबह सात बजे से ही स्कूली बच्चों के जुलूस निकलने लगे। सफेद वेशभूषा और स्कूल की यूनिफॊर्म व रंग-बिरंगी टोपियों में सजे बच्चे हाथों में तिरंगे लिए देशभक्ति के गीत गा रहे थे। कई स्कूलों ने ऐतिहासिक झांकियां तैयार कीं, जिनमें भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, रानी लक्ष्मीबाई और महात्मा गांधी के संघर्ष को जीवंत किया गया। मुख्य बाजारों से गुजरते समय लोग सड़कों के किनारे खड़े होकर तालियों और नारों से उनका स्वागत कर रहे थे।
शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि
शहीद स्मारक पर कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य ने तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि आज का दिन हमें देश की अखंडता और एकता के लिए संकल्प लेने का अवसर देता है। युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने देशभक्ति की भावना को जीवन का मूल मंत्र बनाने का आह्वान किया।
कमिश्नरी में सांस्कृतिक रंग
मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने कमिश्नरी में ध्वजारोहण कर सभागार में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और नाटिकाओं के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम की अमर गाथाओं को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में मंडलायुक्त ने विजेता बच्चों को पुरस्कार और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
कलक्ट्रेट में जिलाधिकारी का संबोधन
कलक्ट्रेट में जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। राष्ट्रगान के बाद उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आजादी हमें बड़ी कुर्बानियों के बाद मिली है, इसकी रक्षा के लिए हर नागरिक को अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए। इसके बाद वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने शपथ ली कि वे देशहित में निष्ठापूर्वक कार्य करेंगे।
पुलिस लाइन में शपथ और सम्मान
पुलिस लाइन में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने ध्वजारोहण कर जवानों को कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। इस मौके पर कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारियों, निरीक्षकों, उप निरीक्षकों और जवानों को सम्मानित भी किया गया।
एडीए कार्यालय में देशभक्ति के स्वर
आगरा विकास प्राधिकरण कार्यालय में उपाध्यक्ष एम अरुन्मौली ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से देशभक्ति गीत गाकर माहौल को भावपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम में देशहित में योगदान देने वाले कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया।
हर ओर उमंग और उल्लास
सुबह से शाम तक शहर के विभिन्न हिस्सों में प्रभात फेरियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, कवि सम्मेलन और चित्रकला प्रतियोगिताएं होती रहीं। मुख्य बाजारों, संकरी गलियों और चौराहों पर बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक तिरंगा लेकर चलते दिखे। रेड रोड, एमजी रोड, संजय प्लेस, सदर बाजार जैसे प्रमुख स्थानों पर लोगों ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी।