आगराः जिसे बचाने के लिए कुएं में उतरा, वह तो बच गया, लेकिन खुद मौत के मुंह में समा गया राजेंद्र

आगरा। अछनेरा थाना क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक एक कुएं में किसी की जान बचाने के लिए उतरा था, जिसमें वह खुद अपनी जान गंवा बैठा। जिसे बचाने के लिए 38 वर्षीय राजेंद्र सिंह ने अपनी जान दांव पर लगाई, वह युवक तो बच गया लेकिन राजेंद्र खुद मौत के मुंह में चला गया। घटना सोमवार दोपहर किरावली मार्ग पर सड़क किनारे बने पुराने कुएं में हुई।

Aug 11, 2025 - 20:39
 0
आगराः जिसे बचाने के लिए कुएं में उतरा, वह तो बच गया, लेकिन खुद मौत के मुंह में समा गया राजेंद्र
अछनेरा क्षेत्र में कुएं से बेहोशी की हालत में निकाले गये राजेंद्र के आसपास मौजूद लोग।

शराबी युवक गिरा कुएं में

जानकारी के अनुसार, अछनेरा निवासी राकेश कोली शराब पीने के बाद कुएं में गिर गया था। यह देख भड़ीरी गांव का रहने वाला राजेंद्र सिंह पुत्र स्व. बनय सिंह उसे बचाने के लिए तुरंत कुएं में उतर गया। कुएं पर मौजूद भीड़ ने राकेश को तो बाहर निकाल लिया, लेकिन वर्षों से बंद पड़े कुएं में जहरीली गैस की वजह से राजेंद्र वहीं बेहोश हो गया।

पुलिस देर तक देखती रही नजारा

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन करीब आधा घंटा तक कुछ नहीं कर सकी। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से राजेंद्र को बाहर निकाला गया और अस्पताल भेजा गया। वहां से एसएन मेडिकल कॉलेज रैफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

राजेंद्र अपने परिवार में अकेला कमाने वाला था। उसके दो बेटे और दो बेटियां हैं, जिनमें सबसे बड़ी बेटी 12 वर्ष की है। वह निर्माण कार्यों का ठेका लेकर परिवार का पालन-पोषण करता था। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजन रो-रोकर बेसुध हैं।

SP_Singh AURGURU Editor