आगरा पुलिस में अनुशासन पर सर्जिकल स्ट्राइक, शाहगंज प्रभारी पर गिरी गाज, नए की नियुक्ति

आगरा पुलिस कमिश्नरेट में अनुशासनहीनता पर बड़ी कार्रवाई करते हुए शाहगंज थाना प्रभारी वीरेश पाल गिरी को निलंबित कर दिया गया। उन पर डीसीपी सिटी के आदेश की अवहेलना का आरोप है, जिसमें सिपाही सनी मलिक को लाइन हाजिर करने के बावजूद थाने से रिलीव नहीं किया गया। अवैध हिरासत और वसूली के आरोपों से जुड़े इस मामले के सुर्खियों में आने के बाद पुलिस कमिश्नर ने सख्त कदम उठाया। साथ ही विभागीय जांच के आदेश दिए गए और कई थानों में प्रभारियों का फेरबदल किया गया।

Feb 22, 2026 - 19:35
 0
आगरा पुलिस में अनुशासन पर सर्जिकल स्ट्राइक, शाहगंज प्रभारी पर गिरी गाज, नए की नियुक्ति
निलंबित थाना प्रभारी वीरेश गिरी।

डीसीपी सिटी के निर्देश न मानने पर गिरी गाज

आगरा। पुलिस कमिश्नरेट आगरा में अनुशासनहीनता पर सख्त कार्रवाई करते हुए पुलिस कमिश्नर ने थाना शाहगंज के प्रभारी निरीक्षक वीरेश पाल गिरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (नगर) के आदेश की अवहेलना के आरोप में की गई है। कमिश्नरेट की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत यह कदम उठाया गया है। उनके स्थान पर राजीव त्यागी को शाहगंज की कमान सौंपी गई है। 

मामला थाना शाहगंज क्षेत्र का है। क्षेत्र निवासी जेसीबी मालिक रईस खान पर एक फाइनेंस कंपनी की कुछ किस्तें बकाया थीं। आरोप है कि सिपाही सनी मलिक ने फाइनेंसकर्मियों की मिलीभगत से रईस खान को अवैध रूप से हिरासत में रखा। इतना ही नहीं, उस पर 25 हजार रुपये की वसूली का भी आरोप लगा है। शिकायत मिलने के बाद डीसीपी सिटी ने सिपाही सनी मलिक को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करने के आदेश जारी किए थे।

आदेश के बावजूद नहीं छोड़ा थाना

आरोप है कि थाना प्रभारी शाहगंज ने अपने वरिष्ठ अधिकारी के आदेश का पालन नहीं किया और आरोपी सिपाही को रिलीव नहीं किया। डीसीपी सिटी के अनुसार, लाइन हाजिर होने पर पुलिसकर्मी को तत्काल पुलिस लाइन पहुंचना अनिवार्य होता है। लेकिन सनी मलिक थाने में ही ड्यूटी करता रहा। शनिवार को वीआईपी आगमन के चलते उसकी ड्यूटी भी लगा दी गई। वीआईपी ड्यूटी चार्ट में सनी की तैनाती शिल्पग्राम की ओर सेल्फी प्वाइंट तिराहा पर दर्शाई गई। यह ड्यूटी चार्ट शनिवार रात इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद मामला सुर्खियों में आ गया।

पुलिस कमिश्नर का सख्त रुख

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नर ने थाना प्रभारी वीरेश पाल गिरी को निलंबित कर दिया। साथ ही विभागीय जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं। कमिश्नरेट सूत्रों के अनुसार आदेश की अवहेलना को बेहद गंभीर माना गया है और स्पष्ट संदेश दिया गया है कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

‘लाइन हाजिर’ के बाद भी ड्यूटी के आरोप

यह पहला मामला नहीं है जब लाइन हाजिर किए जाने के बाद भी पुलिसकर्मी ड्यूटी करते पाए गए हों। शाहगंज थाने की एक पुलिस चौकी पर तैनात रहे एक दारोगा को भीम आर्मी कार्यकर्ताओं से अभद्रता के मामले में लाइन हाजिर किया गया था, लेकिन वे चौकी पर ही कार्य करते रहे। ताजगंज क्षेत्र की एक चौकी पर तैनात दारोगा को लाइन हाजिर करने के बाद कुछ दिन की छुट्टी पर भेजा गया और बाद में अन्य थाने में तैनाती दे दी गई। इन घटनाओं ने ‘लाइन हाजिर’ की कार्रवाई की पारदर्शिता और प्रभावशीलता पर सवाल खड़े किए हैं।

थानों में बड़े पैमाने पर फेरबदल

कार्रवाई के साथ ही पुलिस कमिश्नरेट में कई तबादले भी किए गए।  थाना न्यू आगरा से राजीव त्यागी को शाहगंज का नया थाना प्रभारी बनाया गया। पर्यटन थाना प्रभारी योगेश नागर को न्यू आगरा थाना प्रभारी नियुक्त किया गया। न्यू आगरा में इंस्पेक्टर क्राइम रहे सुबोध कुमार को किरावली का इंस्पेक्टर क्राइम बनाया गया। इन बदलावों को कमिश्नरेट में अनुशासन और कार्यप्रणाली को सुदृढ़ करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।