विश्व दिव्यांग दिवस पर आगरा पुलिस ने सीखी सांकेतिक भाषा: मूक-बधिर चालकों से संवाद होगा आसान

विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर आगरा एसोसिएशन ऒफ डेफ और कमिश्नरेट पुलिस, आगरा द्वारा संयुक्त रूप से ट्रैफिक पुलिस के लिए सांकेतिक भाषा (संकेत भाषा) प्रशिक्षण कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य यातायात प्रबंधन के दौरान मूक-बधिर चालकों से संवाद को सरल, सहज और प्रभावी बनाना था।

Dec 3, 2025 - 22:37
 0
विश्व दिव्यांग दिवस पर आगरा पुलिस ने सीखी सांकेतिक भाषा: मूक-बधिर चालकों से संवाद होगा आसान
पुलिस लाइन्स में विश्व दिव्यांग दिवस पर आयोजित कार्यशाला में मौजूद पुलिसकर्मी।

पुलिसकर्मी अब संकेत भाषा में कर सकेंगे संवाद

रिज़र्व पुलिस लाइन्स, कमिश्नरेट आगरा स्थित शहीद प्रशांत मेमोरियल हाल में हुई इस कार्यशाला में पुलिसकर्मियों को बुनियादी संकेत भाषा, सड़क पर बातचीत के सामान्य संकेत, दिशा पूछने–बताने के तरीके तथा आपात स्थिति में संवाद की तकनीकें सिखाई गईं। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद पुलिसकर्मी अब मूक-बधिर चालकों की समस्याओं को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे और उन्हें समय पर सहायता प्रदान कर पाएंगे।

कार्यक्रम में दुभाषिए ललिता गुप्ता और अभय छाबड़ा उपस्थित रहे। उन्होंने पूरे प्रशिक्षण सत्र को सहज, स्पष्ट और प्रभावी ढंग से संचालित किया, जिससे पुलिसकर्मी संकेत भाषा को आसानी से समझ और सीख सके।

समस्याओं और अनुभवों पर खुलकर चर्चा

सत्र के दौरान मूक-बधिर चालकों द्वारा ट्रैफिक व्यवस्था में सामने आने वाली वास्तविक कठिनाइयों पर विस्तृत चर्चा की गई। पुलिसकर्मियों ने उनकी बात ध्यान से सुनी और संकेत भाषा सीखने में पूरा उत्साह दिखाया। उपस्थित जवानों ने कहा कि वे इस सीखी हुई भाषा का उपयोग रोज़मर्रा की ड्यूटी में करेंगे, जिससे ट्रैफिक प्रबंधन और अधिक मानवीय बन सकेगा।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर आगरा एसोसिएशन ऒफ डेफ की ओर से मुकेश ककारिया, गौरव गोयल, विकास, श्रीमती टीना, श्रीमती पूजा और अंशु गुप्ता ने पुलिस कमिश्नरेट आगरा को इस महत्वपूर्ण और संवेदनशील पहल के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

SP_Singh AURGURU Editor