आगरा पुलिस का बड़ा एक्शन, 30 लाख की चरस के साथ तस्कर दबोचा

आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में शिवम नामक अंतरजनपदीय तस्कर को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 11 किलो 208 ग्राम चरस बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी का साथी अरबाज पहले से जेल में बंद है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।

Apr 12, 2026 - 17:15
 0
आगरा पुलिस का बड़ा एक्शन, 30 लाख की चरस के साथ तस्कर दबोचा
इमेज फोटो

ट्रांस यमुना पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई से खुला नशा तस्करी नेटवर्क

आगरा। आगरा में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना ट्रांस यमुना पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक अंतरजनपदीय तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जिसके पास से भारी मात्रा में चरस बरामद हुई है। बरामद माल की कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि एक युवक बड़ी मात्रा में चरस लेकर क्षेत्र से गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर टीम ने झरना नाले के पास घेराबंदी की। संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। उसके पास से 11 किलो 208 ग्राम चरस बरामद हुई।  मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। 

गिरफ्तार तस्कर की पहचान शिवम के रूप में हुई है, जो अंतरजनपदीय स्तर पर नशे की सप्लाई से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। आरोपी चरस की खेप लेकर बिक्री के लिए जा रहा था।  
पुलिस के अनुसार, वह लंबे समय से इस अवैध कारोबार में सक्रिय था। 

पूछताछ में सामने आया कि इस नेटवर्क से जुड़ा एक अन्य आरोपी अरबाज पहले ही जेल में बंद है। दोनों मिलकर नशे की तस्करी का नेटवर्क चला रहे थे। अलग-अलग जिलों में सप्लाई की जा रही थी। पुलिस अब इस मामले को सिर्फ एक गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रख रही है, बल्कि पूरे गिरोह की जड़ तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। पुलिस सप्लाई चेन और अन्य सहयोगियों की तलाश कर रही है। यह भी जांच हो रही है कि चरस कहां से लाई गई और कहां सप्लाई होनी थी। 

इस कार्रवाई को आगरा पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।