आगरा पुलिस की बड़ी कामयाबी: अंतरराज्यीय वाहन चोर गैंग के दो सदस्य गिरफ्तार, सात बाइक बरामद
आगरा। थाना शमसाबाद पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इटावा के दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर सात चोरी की बाइकें, कटी हुई बाइकों के पार्ट्स और एक अवैध तमंचा बरामद किया है। यह गैंग शादी समारोहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पल भर में बाइकें गायब कर देता था।
-शमसाबाद पुलिस ने पकड़े दो अपराधी, शादी समारोहों से बाइक चुराकर पार्ट्स में बेचते थे, तमंचा भी बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के नाम मुबीन और रवि हैं, जो इटावा के जसवंतनगर क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस को इनकी गिरफ्तारी से दिल्ली और आसपास के जिलों में हुई कई बाइक चोरी की घटनाओं के खुलासे की उम्मीद है।
शादी समारोहों को बनाते थे निशाना
एसीपी शमसाबाद गिरीश कुमार ने जानकारी दी कि इन चोरों का मुख्य तरीका यह था कि ये शादी-पार्टियों और धार्मिक आयोजनों में भीड़ का फायदा उठाकर पार्क की गई बाइकें चोरी कर लेते थे। मुबीन बाइक चुराने में माहिर था जबकि रवि, जो दोपहिया वाहन मरम्मत की दुकान चलाता था, उन बाइकों के पार्ट्स निकालकर अलग-अलग बाइकों में फिट कर देता था, जिससे पहचान मुश्किल हो जाती थी। ये लोग पार्ट्स दूसरों को बेचा भी करते थे।
गिरफ्तार मुबीन के खिलाफ पहले से ही 5-6 मुकदमे दर्ज हैं। पकड़ी गई सात बाइकों में से तीन की एफआईआर की पुष्टि हो चुकी है जबकि बाकी की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि चुराई गई बाइक के पार्ट्स किन दुकानों या कबाड़ियों को बेचे गए और कहां-कहां खपाए गए।
बॉर्डर पार भी फैला था गैंग का नेटवर्क
यह गैंग केवल आगरा और इटावा ही नहीं, बल्कि दिल्ली तक अपनी गतिविधियां फैला चुका था। पुलिस इसे अंतरराज्यीय गैंग मान रही है और बाकी साथियों की तलाश के लिए सघन जांच जारी है। गिरफ्तार मुबीन और रवि से पुलिस पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
चेकिंग के दौरान फंसे जाल में
पुलिस ने बताया कि शमसाबाद क्षेत्र में चेकिंग के दौरान जब एक बाइक पर सवार दो लोगों को रोका गया तो वे घबरा गए। जब उनकी बाइक की जांच की गई तो वह चोरी की निकली और तलाशी के दौरान एक अवैध तमंचा भी बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने पहले गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती के बाद सच उगल दिया।