हरियाणा निकाय चुनाव में पंजाबी समाज को मिवी सफलता से आगरा पंजाबी सभा उत्साहित

आगरा। हरियाणा नगर निकाय चुनाव में के पिछले सप्ताह आए नतीजों में भारतीय जनता पार्टी ने दस में से नौ सीटों पर विजय हासिल की है, जिनमें चार पंजाबी प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। इस कामयाबी ने आगरा के पंजाबी समाज में उत्साह और गर्व की लहर पैदा कर दी है। पंजाबी सभा महानगर आगरा के अध्यक्ष सर्व प्रकाश कपूर ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्रियों, हरियाणा के मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया है।

Aug 29, 2025 - 13:55
 0
हरियाणा निकाय चुनाव में पंजाबी समाज को मिवी सफलता से आगरा पंजाबी सभा उत्साहित

सर्व प्रकाश कपूर ने एक बयान में कहा कि पंजाबी समाज किसी भी जाति या वर्ग का विरोधी नहीं है, बल्कि तन-मन-धन से सबका साथ देता है। इसके बावजूद राजनीति में अक्सर पंजाबी उम्मीदवारों को टिकट नहीं दिए जाते और यदि टिकट मिल भी जाए तो कुछ वर्ग विशेष उन्हें हराने में सक्रिय रहते हैं। कपूर ने स्पष्ट कहा कि पंजाबी समाज ने देश के विभाजन की पीड़ा झेली है और अपने बलिदान एवं मेहनत से देश-दुनिया में उच्च स्थान पाया है।

सर्व प्रकाश कपूर ने कहा कि पंजाबी समाज हमेशा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को सच्चा देशभक्त मानता है और स्वतंत्रता के बाद से उसके साथ खड़ा रहा है। हरियाणा का व्यापार आज जिस ऊंचाई पर है, वह पंजाबी व्यापारियों की मेहनत का परिणाम है। पंजाब में हालात बिगड़ने पर अधिकतर पंजाबी हरियाणा और दिल्ली में बस गए थे और यहां के विकास में बड़ा योगदान दिया।

उन्होंने उत्तर प्रदेश की 50 विधानसभा सीटों पर पंजाबी समाज की मजबूत मौजूदगी का जिक्र करते हुए कहा कि किसी भी सरकार ने उन्हें अब तक उचित अहमियत नहीं दी। कपूर ने सुझाव दिया कि इस मुद्दे को प्रदेश के मुख्यमंत्री के सामने प्रतिनिधिमंडल के रूप में रखा जाना चाहिए। इसी प्रकार उत्तराखंड में एक समय भाजपा सरकार में आठ पंजाबी मंत्री हुआ करते थे, लेकिन अब वहां भी पंजाबी हाशिये पर जा रहे हैं।

कपूर ने पंजाबी समाज से आह्वान किया कि वह आपसी टकराव छोड़कर एकता के सूत्र में बंधे, क्योंकि एकता से ही ताकत बढ़ेगी और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित होगा। उन्होंने यह भी कहा कि जो नेता पंजाबी समाज के साथ भेदभाव कर रहे हैं, उन्हें सबक सिखाना होगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष लगाव पंजाबी समाज से होने की बात दोहराते हुए कपूर ने कहा कि जब मोदी जी प्रचारक थे, तब अधिकतर समय पंजाबी परिवारों के बीच रहते थे और उनकी ईमानदारी व मेहनत को भली-भांति समझते हैं। ऐसे में समाज की आवाज सीधे प्रधानमंत्री तक पहुंचनी चाहिए और हरियाणा की सफलता को अन्य राज्यों तक ले जाना चाहिए।

अंत में उन्होंने कहा कि पानीपत में सांसद और विधायक दोनों पंजाबी होना गर्व का विषय है और इस एकजुटता को बनाए रखना ही भविष्य की राजनीति में पंजाबी समाज की मजबूती की गारंटी बनेगा।

SP_Singh AURGURU Editor