आगरा में राष्ट्र सेविका समिति पूर्वी महानगर ने लेखिका मंच का किया शुभारंभ
आगरा। राष्ट्र सेविका समिति पूर्वी महानगर द्वारा बेलनगंज में आयोजित एक कार्यक्रम में लेखिका मंच का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक गीत, संगठन मंत्र और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विभाग की संपर्क प्रमुख मीनाक्षी ऋषि ने समिति का परिचय प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर लेखिकाओं ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं, जिनमें देशभक्ति की भावना स्पष्ट झलक रही थी। मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय कवयित्री एवं साहित्यकार डॉ. शशि तिवारी ने ओजस्वी स्वर में देशभक्ति से परिपूर्ण रचनाओं का पाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। जिला शारीरिक प्रमुख रति ने एकल गीत प्रस्तुत किया।
मुख्य वक्ता आगरा विभाग कार्यवाहिका श्रुति सिंघल ने कहा कि साहित्य समाज और राष्ट्र का दर्पण है। साहित्यकारों का दायित्व है कि वे अपनी कृतियों के माध्यम से देशभक्ति और सामाजिक मूल्यों को प्रोत्साहित करें ताकि समाज में सकारात्मक बदलाव आए। उन्होंने कहा कि साहित्यकार समाज को प्रेरित और मार्गदर्शित करने का काम करते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं डॉ. बीना शर्मा ने कहा कि स्त्री परिवार, समाज और राष्ट्र का केंद्र होती है। वह वर्षों की बूंद की तरह अपने कर्तव्यों को निभाते हुए अंततः मोती की तरह परिष्कृत होती है। उन्होंने महिलाओं को निर्भय होकर अपने व्यक्तित्व का विकास करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रात सेवा प्रमुख दुर्गेश शर्मा, महानगर कार्यवाहिका मीना गुप्ता, पश्चिम महानगर कार्यवाहिका प्रीति सिंह, विभाग निधि प्रमुख संगीता शर्मा समेत कई गणमान्य उपस्थित थे। डॉ. सुषमा सिंह, डॉ. अजुला चौहान, डॉ. आभा चतुर्वेदी, विजया तिवारी, डॉ. सुकेशनी दीक्षित, अनुपमा दीक्षित, डॉ. उषा गिल, डॉ. शशि गुप्ता, सुधा वर्मा, कृष्णा दत्ताचार्य ने गद्य और पद्य शैली में देशभक्ति से ओत-प्रोत रचनाएं प्रस्तुत कीं। सभी लेखिकाओं ने समिति से जुड़ने को लेकर मुख्य वक्ता से प्रश्न भी किए।
कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन भावना वरदान शर्मा ने किया। अंत में कल्याण मंत्र के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।