आईजीआरएस रैंकिंग में 14वें स्थान पर पहुंचा आगरा, डीएम बोले- रैंक बनाए रखने को सजग रहें अधिकारी
आगरा। समाधान दिवस के अवसर पर शनिवार को जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी ने तहसील बाह का दौरा किया और वहां पर मौजूद फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने तहसील बाह में सुनीं जन समस्याएं, मौके पर निस्तारित की कई शिकायतें
तहसील दिवस में कुल 140 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 6 शिकायतों का निस्तारण तत्काल मौके पर कर दिया गया। शेष शिकायतों में अधिकांश मामले भूमि विवाद, अवैध अतिक्रमण, विद्युत आपूर्ति, पेंशन, राशन कार्ड, और समाज कल्याण से संबंधित थीं।
शिकायतों का विभागवार विवरण इस प्रकार रहा- राजस्व विभाग – 48, पुलिस विभाग – 19, वन विभाग – 07, विद्युत विभाग – 05, समाज कल्याण विभाग – 08, खाद्य एवं रसद विभाग – 12, विकास विभाग – 36 और अन्य विभागों की 05 शिकायतें प्राप्त हुईं।
जिलाधिकारी ने भूमि विवादों पर विशेष ध्यान देते हुए राजस्व व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निस्तारण की सूचना संबंधित शिकायतकर्ता को दी जाए और प्रत्येक शिकायत की अद्यतन स्थिति को पोर्टल पर अपडेट किया जाए।
उन्होंने यह भी बताया कि आगरा जनपद ने आईजीआरएस रैंकिंग में प्रदेश स्तर पर 14वां स्थान प्राप्त किया है और लखनऊ से प्राप्त फीडबैक में भी जनपद ने अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने संबंधित विभागों से इस रैंकिंग को बनाए रखने के लिए सतत प्रयास करने को कहा।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) ज़ुबैर बेग, एसडीएम बाह, उपायुक्त मनरेगा रामायन यादव, जिला पंचायत राज अधिकारी मनीष कुमार, सहित कई विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।