आगराः 24 घंटे में लूट का खुलासाः पुलिस मुठभेड़ में तीन अपराधी गिरफ्तार, एक को गोली लगी

आगरा। एत्मादुद्दौला थाना पुलिस ने महज़ 24 घंटे के भीतर मोबाइल और नकदी लूट की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक लुटेरे के पैर में गोली लगी, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने लूट का मोबाइल और नकदी बरामद कर मामले का पर्दाफाश कर दिया।

Aug 13, 2025 - 12:17
 0
आगराः 24 घंटे में लूट का खुलासाः पुलिस मुठभेड़ में तीन अपराधी गिरफ्तार, एक को गोली लगी
पुलिस मुठभेड़ में घायल बदमाश पुलिसकर्मियों की गिरफ्त में।

विगत 12 अगस्त की रात लुटेरों ने नीरज नामक व्यक्ति से 4,000 रुपये और मोबाइल छीन लिया था। सादाबाद निवासी नीरज आगरा में भगवान टॊकीज चौराहा से रामबाग ऒटो में सवार होकर जा रहे थे। रामबाग पर ऒटो से उतरते समय ऒटो चालक और उसमें बैठे तीन अन्य लोग नीरज के हाथ में लगे बैग को लूटकर भाग गये थे। घटना के बाद पीड़ित ने थाना एत्मादुद्दौला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामला गंभीरता से लेते हुए बदमाशों की तलाश शुरू कर दी थी।

आज सुबह पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि लूट में शामिल आरोपी प्रकाश नगर पुरानी पुलिया के पास मौजूद हैं और फरार होने की फिराक में हैं। एसीपी छत्ता पीयूषकांत राय के निर्देशन में पुलिस टीम ने घेराबंदी की, लेकिन पुलिस को देखते ही बदमाश एक टेम्पो में बैठकर भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिस पर पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की गोली कुख्यात बदमाश इमरान पुत्र जमील निवासी थाना ट्रांसयमुना के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।

घायल इमरान के साथ पुलिस ने उसके दो साथियों- सानू उर्फ़ रसीद पुत्र सायरा बानो निवासी कांशीराम कॉलोनी और अल्ताफ़ पुत्र अब्बास अली निवासी पीला खार को भी दबोच लिया।
पुलिस ने इनके कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, लूटा गया मोबाइल और 3,000 रुपये नकद बरामद किए।

पुलिस जांच में पता चला कि ये तीनों बदमाश पहले भी कई वारदातों में जेल जा चुके हैं, जिनमें गोकशी के मामले में सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने के आरोप भी शामिल हैं। एसीपी पीयूषकांत राय ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ विस्तृत आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor