आगरा में संवेदना संस्था ने बच्चों को बांटी खुशियां, शिक्षा के प्रति जगाई रुचि
आगरा। संवेदना एक प्रयास संस्था ने गुरुवार को श्री अंबे लक्ष्मी बाल विद्यालय, पालिका नगर, नवलगंज, नुनिहाई में नन्हे-मुन्ने बच्चों को ड्रेस, जूते और मोजे वितरित किए। इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण बच्चों की मुस्कान और उल्लास से सराबोर हो उठा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरिशंकर शर्मा (मंत्री, दीन दयाल गो विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र, गोग्राम, परखम मथुरा) ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन को सार्थक बनाती है और समाज की उन्नति का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उनकी पढ़ाई के प्रति रुचि जागृत होती है।
संवेदना एक प्रयास संस्था के संस्थापक नीतेश अग्रवाल ने बताया कि विद्यालय में वर्तमान में लगभग 300 बच्चे नर्सरी से कक्षा 5 तक अध्ययनरत हैं। यह विद्यालय 2016 से संचालित हो रहा है। संस्था का उद्देश्य है कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को भी बेहतर शिक्षा व सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
इस अवसर पर रिंकेश अग्रवाल, मयंक जैन, विकास आनंद वर्मा, अमित पाराशर, संजीव अग्रवाल, संतोष मित्तल, अजीत कुमार, सारांश अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों को प्रोत्साहित किया और संस्था के इस कार्य की सराहना की।