आगराः श्रीराम मंदिर मॉडल न हटाया जाए, सांसद नवीन जैन ने रक्षा मंत्री से की दखल की मांग
आगरा। मंडलायुक्त कार्यालय के सामने (शास्त्री चौराहे) पर नगर निगम द्वारा सौंदर्यीकरण के तहत स्थापित श्रीराम मंदिर के मॉडल को छावनी बोर्ड द्वारा हटाने के लिए दबाव बनाए जाने को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। छावनी परिषद की इस पहल का राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने जोरदार विरोध किया है। उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की अपील की है।
सौन्दर्यीकरण के साथ आकर्षण का केंद्र भी
यह तिराहा ताजमहल और राजेश्वर मंदिर जाने वाले मार्ग पर स्थित है। सांसद जैन ने पत्र में लिखा कि यह भूमि रक्षा मंत्रालय के अधीन है और पहले यहां चारों ओर गंदगी रहती थी। फरवरी 2023 में जी-20 सम्मेलन को देखते हुए प्रदेश सरकार ने इस मार्ग का भव्य सौन्दर्यीकरण कराया था। यहां जी-20 का साइनेज, ग्लोबल मॉडल, फव्वारे, हरियाली और आकर्षक विद्युत सज्जा की गई थी। इसी क्रम में नगर निगम ने यहां अयोध्या के भव्य राम मंदिर का एक मॉडल स्थापित किया, जो पर्यटकों और स्थानीय लोगों के आकर्षण का केंद्र बन चुका है।
मंदिर मॊडल को ढंकने से जनता की भावनाओं को ठेस
सांसद जैन का आरोप है कि छावनी परिषद अध्यक्ष ब्रिगेडियर नवीन कुमार ने मॉडल को पैराशूट से ढंकवा दिया और इसे हटाने का आदेश दिया है। यहां तक कि यह चेतावनी दी गई है कि यदि नगर निगम स्वयं इसे नहीं हटाएगा तो सेना द्वारा इसे हटा दिया जाएगा।
सांसद जैन ने सवाल उठाया कि फरवरी 2023 में जी-20 सम्मेलन के दौरान इसी जगह पर ग्लौब मॉडल लगाया गया था, तब छावनी परिषद ने कोई आपत्ति क्यों नहीं जताई। अब अचानक धार्मिक प्रतीक को हटाने का निर्णय जनता की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है।
रक्षा मंत्री से दखल की मांग
सांसद जैन ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से आग्रह किया कि छावनी परिषद अध्यक्ष को ऐसी कार्रवाई से रोका जाए और श्रीराम मंदिर का मॉडल यथास्थान बनाए रखने के निर्देश दिए जाएं।