सीएम-ग्रिड्स से आगरा दक्षिण विस क्षेत्र को मिली बड़ी सौगात, सुभाष पार्क से मारुति एस्टेट तक बनेगा हाईटेक महामार्ग

आगरा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सीएम-ग्रिड्स योजना के तहत बड़ी विकासात्मक सौगात मिली है। सुभाष पार्क से मारुति एस्टेट रोड तक इंटीग्रेटेड सुविधाओं से युक्त हाईटेक महामार्ग का निर्माण स्वीकृत हुआ है। इस परियोजना में व्हाइट टैपिंग तकनीक से सीसी सड़क, यूटिलिटी डक्ट, सीवर लाइन, एलईडी लाइटें, हरियाली, चौड़े फुटपाथ और पार्किंग जैसी आधुनिक सुविधाएं शामिल होंगी। खास बात यह है कि सड़क निर्माण के बाद 5 वर्षों तक रखरखाव की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था की होगी। उच्च शिक्षा मंत्री और आगरा दक्षिण के विधायक योगेंद्र उपाध्याय ने इसे क्षेत्र के विकास, सौंदर्याकरण और जनसुविधाओं के लिए मील का पत्थर बताया। वहीं दूसरे चरण में मारुति एस्टेट क्रॉसिंग से हनुमान मंदिर 100 फुटा रोड तक करीब 32.05 करोड़ रुपये के कार्य भी प्रस्तावित हैं।

Apr 8, 2026 - 19:12
 0
सीएम-ग्रिड्स से आगरा दक्षिण विस क्षेत्र को मिली बड़ी सौगात, सुभाष पार्क से मारुति एस्टेट तक बनेगा हाईटेक महामार्ग
सीएम ग्रिडस योजना के तहत बनने सड़क और विकास कार्यों की जानकारी देते कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय।

आगरा। उत्तर प्रदेश के  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सीएम-ग्रिडस (चीफ मिनिस्टर ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम) परियोजना के अंतर्गत आगरा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के सुभाष पार्क से लेकर मारूति स्टेट रोड तक सभी इंटीग्रेटेड सुविधाओं से युक्त महामार्ग का निर्माण स्वीकृत कराया गया  है। इस महामार्ग के निर्माण से आगरा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के पश्चिमी भाग का सौंदर्याकरण तो होगा ही, साथ ही रखरखाव की गारण्टी निर्माणदायी  संस्था की होगी। 

यह जानकारी उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री व दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से विधायक योगेंद्र उपाध्याय ने प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के अंतर्गत सड़क निर्माण तो होगा ही साथ ही साथ ही इस क्षेत्र में आवागमन करने वाले पूरे आगरा के समस्त नागरिकों को सुविधा भी मिलेगी। जहां एक और यह विकास मार्ग इंटीग्रेटेड सुविधाओं से युक्त होगा, वहीं कार्यदायी संस्था के लिए इस हेतु पांच साल उसकी सम्पूर्ण एकीकृत विकास योजना है। यह विकास को आधुनिकतम स्वरूप प्रदान करेगा, जो भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर की गई है। 

इन सुविधाओं से युक्त होगा महामार्ग

आसीसी व्हाइट टैपिंग तकनीक से सड़क निर्माण होगा। यह सड़क सामान्य डामर से नहीं, बल्कि उच्च गुणवत्ता की सीमेंट कंक्रीट तकनीक से बनाई जाएगी। इस तकनीक से बनी सड़कों की आयु दीर्घकाल तक रहती है। दूसरा भविष्य की सुरक्षा हेतु सड़क के किनारे यूटिलिटी डक्ट का निर्माण किया जाएगा, ताकि भविष्य में फोन, इंटरनेट, गैस या अन्य केबल बिछाने के लिए सड़क को बार-बार न खोदना पड़े। इससे सड़क लंबे समय तक सुरक्षित रहेगी। इस प्रक्रिया के निर्माण कार्य में सड़क निर्माण के साथ ही सीवर लाइन एवं आवश्यक नागरिक सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा। जिससे बार बार सड़क खुदाई से बचा जायेगा। 

उन्होंने बताया कि पूरी सड़क पर एलइडी लाइटें लगाई जाएंगी, जिससे रात्रिकालीन आवागमन सुरक्षित रहेगा। साथ ही बीच डिवाइडर पर हरियाली और वृक्षारोपण से सौंदर्याकरण तो होगा ही साथ में पर्यावरणीय संतुलन भी सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही पैदल चलने वालों के लिए चौड़े, सुरक्षित फुटपाथ और वाहनों के लिए सुव्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था इसी परियोजना का हिस्सा होगी। जिससे पैदल चलने वालों की सुरक्षा और ट्रेफिक जाम से निजात मिलेगी। निर्माण कार्य पूरा होने के पश्चात ठेकेदार द्वारा इस सड़क की अगले 5 वर्षों तक पूर्ण रखरखाव की गारंटी ली जायेगी। जो यह सुनिश्चित करेगा कि सड़क की गुणवत्ता बरकरार रहे और नागरिकों को बार-बार परेशानियों का सामना न करना पड़े।

कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया की परियोजना क्षेत्र के सतत् विकास, जन केन्द्रित और दूरदर्शी सोच का मील का पत्थर साबित होगी और आगरा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के विकास, सौंदर्याकरण और जन सुविधाओं के लिए नया अध्याय लिखेगी।  कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने आगरा की जनता की ओर से  मुख्यमंत्री  का आभार व्यक्त किया । इस परियोजना को लाल फीताशाही व नौकरशाही का ग्रहण न लग पाये, इस दृष्टि से क्षेत्र के प्रमुख और निष्ठावान कार्यकर्ताओं की  एक निगरानी टीम कार्य करेगी जो सरकार की अपेक्षाओं और योजनाओं को जनता के अंतिम पायदान तक पहुंचाने वाले अवरोधों पर दृष्टि रखेगी।

दूसरे चरण में यहां तक पहुंचेगी परियोजना

इस योजना के दूसरे चरण में मारूति एस्टेट क्रॉसिंग से हनुमान मंदिर 100 फुटा रोड तक दोनों साईड सीसी फर्श, सीवर का कार्य, वाटर सप्लाई कार्य, विद्युत के नये पोल लगाना एवं यूटिलिटी के कार्य लगभग 3205 लाख रूपये की से स्वीकृत हो जायेगा । इस पूरे कार्य की मेंटेनेंस की भी 5 वर्ष की अवधि निर्धारित की गई है।

इनकी रही मौजूदगी

इस दौरान भाजपा युवा नेता डॉ अलौकिक उपाध्याय, मंडल अध्यक्ष राजू कुशवाहा, धीरज कोहली , देवेश पचौरी, आदेश सिंघल , राजेश प्रजापति, विधायक प्रतिनिधि संजय जैन,  पार्षद सुनील करमचंदानी सहित पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विकास योजना की रखी नींव

उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने शाहगंज स्थित रामस्वरुप कॉलोनी की जर्जर सड़क के निर्माण हेतु भूमि पूजन किया। इस मौके पर उन्होंने क्षेत्रीय जनता से संपर्क करते हुए भविष्य में विकास के अन्य कार्यों को जल्द पूरा करने का संकल्प दोहराया। इसी क्रम में एक और सड़क निर्माण के लिए भूमि पूजन शाहगंज के बीके पुरम कॉलोनी में किया। यहां की क्षेत्रीय जनता को सड़क बनने से आवागमन में सुविधा होगी। इस मौके पर पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।