आगरा में आत्महत्या कांड पर बवाल, मृतक की बेटी ने पुलिस पर लगाए दबाव के आरोप

आगरा के एत्मादुदौला क्षेत्र में एक व्यक्ति की आत्महत्या के बाद उसकी बेटी ने पुलिस पर दबाव डालने, जबरन बयान कराने और लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। बेटी ने आरोपी युवक व उसके रिश्तेदारों पर दुष्कर्म और मारपीट का भी आरोप लगाया है। मामला अब विवादों में घिर गया है।

Apr 17, 2026 - 20:15
 0
आगरा में आत्महत्या कांड पर बवाल, मृतक की बेटी ने पुलिस पर लगाए दबाव के आरोप
इमेज फोटो

आगरा। आगरा के एत्मादुदौला क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील और गंभीर मामला सामने आया है, जिसने पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नगला छदामी निवासी एक व्यक्ति द्वारा देर रात आत्महत्या किए जाने के बाद उसकी बेटी ने थाना एत्मादुदौला पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

मृतक की बेटी का आरोप है कि पुलिस ने उसके पिता को जबरन थाने में बैठाकर उनसे दबाव में बयान दिलवाने की कोशिश की। परिवार का कहना है कि बेटी के लापता होने की शिकायत लेकर जब पिता थाने पहुंचे थे, तब पुलिस ने उन्हें दो दिनों तक थाने में बैठाए रखा था।

बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले पड़ोस का एक युवक मृतक की बेटी को धमकाकर अपने साथ ले गया था। इस घटना के बाद से परिवार तनाव में था। आरोप है कि जब पिता ने इसका विरोध किया, तो युवक के परिजनों ने उनके साथ मारपीट भी की।

परिजनों का कहना है कि इसी मारपीट और मानसिक दबाव से आहत होकर व्यक्ति ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। वहीं, मृतक की बेटी ने आरोपी युवक के साथ-साथ उसके मामा और मौसा पर भी दुष्कर्म के गंभीर आरोप लगाए हैं।

इस पूरे मामले में एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मृतक की बेटी एक महिला पुलिसकर्मी पर गंभीर आरोप लगाती हुई नजर आ रही है। वीडियो के सामने आने के बाद मामला और भी तूल पकड़ता जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन पीड़ित परिवार पुलिस की भूमिका पर सवाल उठा रहा है और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है।