आगरा ताज हाफ मैराथन कल, 21-10-5 किलोमीटर की दौड़ में ढाई हजार धावक भरेंगे रफ्तार
आगरा। खेल भावना, फिटनेस और शहर की पहचान को वैश्विक मंच पर स्थापित करने वाली आगरा ताज हाफ मैराथन के तीसरे संस्करण का शुभारम्भ रविवार 8 फरवरी को सदर स्थित एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम से होने जा रहा है। आगरा स्पोर्ट्स फाउंडेशन, एसोसिएशन ऑफ इंटरनेशनल मैराथन एंड डिस्टेंस रेसेस तथा आगरा नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतिष्ठित मैराथन में 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की दौड़ में कुल ढाई हजार धावक हिस्सा लेंगे।
मैराथन को लेकर शनिवार को दिनभर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम की टीटी हॉल में टी-शर्ट लॉन्च कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सभी पंजीकृत 2500 धावकों को टी-शर्ट और विब का वितरण किया गया। साथ ही धावकों को रेस रूट, समय-सारिणी और सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई। मौके पर करीब 300 धावकों ने स्पॉट रजिस्ट्रेशन भी कराया।
आगरा स्पोर्ट्स फेडरेशन के अध्यक्ष डॉ. विकास मित्तल, ऑर्गेनाइजिंग कमेटी के अध्यक्ष संदीप ढल, आयोजन सचिव डॉ. संजय गुप्ता और कार्यक्रम समन्वयक गोपाल शर्मा ने संयुक्त रूप से बताया कि 21 किलोमीटर मैराथन का फ्लैग ऑफ सुबह 5:30 बजे, 10 किलोमीटर रेस का सुबह 6:00 बजे और 5 किलोमीटर रेस का सुबह 7:00 बजे किया जाएगा।
सभी धावकों को रेस से कम से कम एक घंटे पहले स्टेडियम में रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा।
आयोजकों के अनुसार मैराथन रूट पर धावकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। पूरे मार्ग पर एंबुलेंस, चिकित्सकीय सहायता और हाइड्रेशन पॉइंट उपलब्ध रहेंगे। दौड़ पूरी होने के बाद स्टेडियम परिसर में फिजियोथेरेपी, स्वल्पाहार और विश्राम की व्यवस्था की गई है। आगरा नगर निगम के कर्मचारी रूट और स्टेडियम में सफाई, यातायात प्रबंधन एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए तैनात रहेंगे।
टी-शर्ट लॉन्च कार्यक्रम के दौरान आगरा स्पोर्ट्स फेडरेशन से जुड़े सर्वेश, ईशू, कमल, संकल्प वशिष्ठ, डॉ. विकास मित्तल, महेश सारस्वत, संदीप ढल, जय यादव, दीपक, डॉ. संजय गुप्ता, भरत सारस्वत, गोपाल अग्रवाल एवं गोपाल शर्मा मौजूद रहे। वहीं आयोजन की तैयारियों के दौरान गौरव गोयल, केके सोलंकी, आवेग मित्तल, प्रदीप यादव और उमेश यादव की भी सक्रिय सहभागिता रही।