आगराः क्षमावाणी महापर्व पर धार्मिक अनुष्ठानों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजे मंदिर और सभागार
आगरा में जैन समाज ने क्षमावाणी महापर्व बड़े उल्लास और धार्मिक भावना के साथ मनाया। मंदिरों में अभिषेक, शांतिधारा, आरती और जलयात्रा का आयोजन हुआ तो सभागारों में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। धर्माचार्यों के प्रवचनों ने समाज को क्षमा, एकता और सौहार्द का संदेश दिया।
शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, आवास विकास कालोनी सिकंदरा
सेक्टर-7 स्थित श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में भगवान आदिनाथ का अभिषेक और शांतिधारा सम्पन्न हुई। इसके बाद क्षमावाणी पर्व मनाया गया तथा भगवान शांतिनाथ की 108 दीपकों से महाआरती हुई। मंदिर परिसर से भव्य जलयात्रा निकली जो शिवालिक कैम्ब्रिज स्कूल से होते हुए मंदिर पर ही समाप्त हुई।
पंडित आशुतोष शास्त्री एवं अंशुल शास्त्री ने प्रवचन में कहा कि क्षमावाणी पर्व का अर्थ तभी सार्थक है जब मन की कटुता को दूर कर एक-दूसरे को माफ किया जाए। जैन धर्म क्षमा भाव का संदेश देता है, इसलिए हमें अपने गिले-शिकवे त्याग कर जीवन में सज्जनता और सौम्यता अपनानी चाहिए।
इस अवसर पर पर्यूषण पर्व का समापन भी किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में त्यागी वृत्ति सम्मान, सम्यगदर्शन महिला मंडल, शांतिनाथ पाठशाला, जैन समाज, सखी महिला मंडल सहित विभिन्न मंडलों और प्रतियोगिता प्रतिभागियों का सम्मान हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन, प्रबंध समिति के पदाधिकारी और युवा शामिल हुए।
अग्रवाल दिगंबर जैन महासभा के कार्यक्रम का दूसरा दिन
लोहमंडी स्थित अग्रसेन सेवा सदन में 15 सितंबर को अग्रवाल दिगंबर जैन महासभा द्वारा वार्षिक क्षमावाणी कार्यक्रम धूमधाम से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ चित्र अनावरण और दीप प्रज्ज्वलन से किया गया। इस दौरान दस लक्षण महापर्व में उपवास करने वाले तपस्वियों और विवाह की स्वर्ण जयंती पूरी करने वाले दंपतियों का सम्मान किया गया।
मुनि श्री सौम्यसागर जी और मुनि श्री निश्चलसागर जी के मंगल सानिध्य में हुए कार्यक्रम में धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनि श्री ने कहा कि समाज में ऐसे आयोजन होते रहना चाहिए, जिससे समाज की एकता और विकास को बल मिलता है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों ने नृत्य, भक्ति गीत और जैन धर्म आधारित लघुनाटिका प्रस्तुत की। जीवन में क्षमा का महत्व विषय पर दी गई प्रस्तुति ने सभी को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में आईपीएस अभिषेक कुमार अग्रवाल मुख्य अतिथि और डिप्टी सीएमओ पीयूष जैन विशिष्ट अतिथि रहे।
समापन में समाजजन ने सामूहिक रूप से मिच्छामि दुक्कड़म् उच्चारित करते हुए एक-दूसरे से क्षमा याचना की। समारोह का संचालन राजकुमार जैन और अजय जैन ने किया। महासभा के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे।