आगरा में युवाओं के दो गुटों में इंस्टाग्राम पर हुई गाली-गलौज और फिर शहीद नगर में सड़क पर चले लात-घूंसे, अछनेरा क्षेत्र में दबंगों का महिलाओं और बच्चों पर हमला

आगरा। शहर में युवाओं के दो गुटों के बीच सोशल मीडिया से शुरू हुआ विवाद सड़क पर मारपीट में बदल गया। दूसरी ओर अछनेरा क्षेत्र में खेत में काम कर रही महिला और उसके परिवार पर दिनदहाड़े हमला किया गया। दोनों ही मामलों में हैरान करने वाली बात यह है कि घटनाएं सार्वजनिक स्थानों पर हुईं और दोनों के वीडियो भी वायरल हुए हैं।

Dec 25, 2025 - 21:45
 0
आगरा में युवाओं के दो गुटों में इंस्टाग्राम पर हुई गाली-गलौज और फिर शहीद नगर में सड़क पर चले लात-घूंसे, अछनेरा क्षेत्र में दबंगों का महिलाओं और बच्चों पर हमला
आगरा के शहीद नगर में गुरुवार को सड़क पर एक-दूसरे को पीटते युवक।

पहली घटना आगरा शहर की शहीद नगर कॉलोनी की है, जहां एक तिराहे पर युवकों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। बताया गया कि दोनों पक्षों के बीच पहले इंस्टाग्राम पर गाली-गलौज हुई, जो बाद में आमने-सामने आने पर सड़क पर हिंसक संघर्ष में बदल गई। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सड़क पर ट्रैफिक चलता रहा और युवक एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाते रहे। इस दौरान आसपास अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन पुलिस कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।

बसैया राजपूत गांव में महिलाओं-बच्चों से मारपीट

बसैया राजपूत गांव में हुई घटना में महिलाओं से मारपीट करते युवक।

दूसरी घटना थाना अछनेरा क्षेत्र के गांव बसैया राजपूत की है, जहां खेत में काम कर रही महिला भूदेवी पत्नी महेंद्र के साथ दबंगों ने मारपीट की। आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों ने ट्रैक्टर और थ्रेसर लगाकर जबरन करब की कटाई शुरू कर दी और भूसा पीड़िता के खेत की ओर डालने लगे। विरोध करने पर महिला और उसके परिजनों पर सामूहिक हमला किया गया। घटना के दौरान महिलाएं और बच्चे चीखते-चिल्लाते रहे, एक युवक बेहोश हो गया और पीड़िता को गंभीर चोटें आईं। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दबंगों को मारपीट करते हुए देखा जा सकता है।

दोनों ही मामलों में समानता यह है कि दबंगों का भय, खुलेआम हिंसा, वायरल वीडियो और पीड़ितों की असहाय चीखें दिखाई देती हैं। एक ओर सोशल मीडिया से उपजा विवाद सड़कों पर कानून को चुनौती दे रहा है, तो दूसरी ओर गांवों में दबंग बेखौफ होकर महिलाओं और बच्चों तक पर हाथ उठा रहे हैं।

SP_Singh AURGURU Editor