आगरा में सादा वर्दी में दबिश डालने गए दो दरोगाओं से धक्का-मुक्की, थाने से बुलाना पड़ा भारी बल
आगरा। थाना अछनेरा क्षेत्र के गांव पोखर में शुक्रवार को एक संदिग्ध की तलाश में सादा वर्दी में दबिश देने पहुंची पुलिस टीम को उस समय भारी विरोध का सामना करना पड़ा जब ग्रामीणों ने पुलिस को पहचानने से इनकार कर दिया और उन्हें दौड़ाते हुए धक्का-मुक्की की। घटना के बाद थाने से भारी पुलिस बल बुलाना पड़ा, जिसके बाद हालात काबू में आए और संदिग्ध युवक को हिरासत में ले लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जब पुलिस सादा वर्दी में गांव पहुंची और एक व्यक्ति को पकड़ने की कोशिश की तो ग्रामीणों को शक हुआ। पहले विवाद नोंकझोंक में बदला और फिर अचानक धकका-मुक्की शुरू हो गई। ग्रामीणों ने दो दरोगाओं को घेर लिया, जबकि अन्य पुलिसकर्मी मौके से जान बचाकर भाग निकले।
सूचना पर एसएसआई के नेतृत्व में थाना अछनेरा से चार गाड़ियों में दर्जनों पुलिसकर्मी गांव पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने पहले संदिग्ध को दो गाड़ियों से थाने भेजा, फिर दोनों दरोगाओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घटना को लेकर थाना प्रभारी अछनेरा देवेंद्र कुमार द्विवेदी ने कहा कि पुलिस टीम सिर्फ पूछताछ के लिए गई थी। चूंकि पुलिसकर्मी सादा वर्दी में थे, ग्रामीण उन्हें पहचान नहीं पाए। स्थिति हल्की सी असहज हुई, लेकिन कोई मारपीट नहीं हुई है। संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
हालांकि स्थानीय ग्रामीणों और सोशल मीडिया में वायरल हो रही चर्चाओं के अनुसार, घटना में पुलिस टीम को विरोध और धक्कामुक्की का शिकार होना पड़ा। फिलहाल, पुलिस इस मामले को शांतिपूर्वक हल करने का प्रयास कर रही है।