आगरा व्यापार मंडल ने रक्तदान शिविर के लिए किया हवन, कल बनेगा रक्तदान का रिकॊर्ड
आगरा। आगरा व्यापार मंडल द्वारा 31 अगस्त को आयोजित होने वाले तृतीय विशाल रक्तदान शिविर से पूर्व शनिवार को दरेसी स्थित रामस्वरूप सिंघल गर्ल्स इंटर कॉलेज में भूमि शुद्धिकरण हेतु वैदिक हवन सम्पन्न हुआ। चित्रकूट के आचार्य राकेश त्रिपाठी के मार्गदर्शन में हुए इस हवन में व्यापार मंडल पदाधिकारियों, सदस्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने भागीदारी की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिविर की सफलता, मानव सेवा और समाज कल्याण की भावना को ऊर्जावान बनाने का आशीर्वाद लिया गया।
अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने कहा कि रक्तदान सेवा का सर्वोच्च कार्य है और हवन ने इस महाअभियान को धार्मिक आशीर्वाद और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान की है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष लक्ष्य केवल रक्तदान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि हेलमेट वितरण के माध्यम से रक्तदाताओं की जीवन सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाएगी। आयोजन की जिम्मेदारी संयोजक संदीप गुप्ता, राजेश अग्रवाल, बृजमोहन रैपुरिया, योगेश रखवानी और राजीव गुप्ता निभा रहे हैं। शिविर में व्यापार मंडल की 63 सक्रिय सदस्य संस्थाएं सहयोग कर रही हैं।
कोषाध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने बताया कि शिविर का शुभारंभ रविवार को सुबह 11 बजे ‘अपना घर भरतपुर’ के संस्थापक डॉ. बीएम भारद्वाज और डॉ. माधुरी भारद्वाज करेंगे। कार्यक्रम में मार्गदर्शन हेतु रमणरेती वृंदावन से पांच संत, केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, मेयर हेमलता दिवाकर और जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी की उपस्थिति रहेगी।
शिविर में रहेंगी चाक-चौबंद व्यवस्थाएं
सैकड़ों वॉलिंटियर्स पूरे दिन ड्यूटी पर रहेंगे। रक्तदाताओं के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था भी की गई है। पंजीकरण, रक्तदान और विश्राम हेतु अलग-अलग टीमें रहेंगी। भोजन, पेयजल और विश्राम की सुविधाएं भी होंगी। वाहनों की पार्किंग के लिए आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन छोटी लाइन पर विशेष व्यवस्था। इस बार किसी भी रक्तदाता को लौटना न पड़े, इसके लिए व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं।
हवन में उपस्थित प्रमुख लोग
भूमि शुद्धिकरण हवन में टीएन अग्रवाल, ताराचंद गोयल, राजेश अग्रवाल, राजेंद्र गुप्ता, अशोक मंगवानी, नितेश अग्रवाल, बृजमोहन रैपुरिया, राजीव गुप्ता, साहूकार सिंह चाहर, नंद किशोर गोयल, महावीर मंगल, योगेश रखवानी, राजेश सिंघल, संदीप गुप्ता, कन्हैया लाल राठौर, राकेश बंसल, दुष्यंत गर्ग, मनीष बंसल, देवेंद्र गर्ग, राजेंद्र सचदेवा, डीके वर्मा, विष्णु स्वरूप अग्रवाल, अंशुल अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, भूपेंद्र अग्रवाल, ऋषि अग्रवाल, मोहनलाल अग्रवाल, राकेश गुप्ता, बृजभूषण सिंघल, अशोक लालवानी आदि मौजूद रहे।