आगरा व्यापार मंडल 31 को 2000 यूनिट रक्तदान कराकर रिकॊर्ड बनाएगा, ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोग आएंगे
आगरा। मानवता और सुरक्षा के संदेश के साथ आगरा व्यापार मंडल द्वारा 31 अगस्त को आयोजित होने जा रहे तृतीय विशाल रक्तदान शिविर की तैयारियों की बुधवार को अतिथि वन, वाटर वर्क्स में हुई बैठक में समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने की और संचालन संगठन मंत्री महामंत्री राकेश बंसल ने किया।
अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने बताया कि रामस्वरूप गर्ल्स इंटर कॉलेज, दरेसी नं. 1 पर सुबह 9:00 बजे से रात 9:00 बजे तक शिविर आयोजित होगा। प्रत्येक रक्तदाता को ब्रांडेड हेलमेट भेंट किया जाएगा, जो उनके योगदान का सम्मान होने के साथ यातायात सुरक्षा का संदेश भी देगा। ग्रामीण क्षेत्रों से भी प्रतिभागिता होगी, जिसमें फतेहाबाद और शमशाबाद के लोग शामिल होंगे। शिविर के मुख्य अतिथि अपना घर संस्था के डॉ. माधुरी भारद्वाज और डॉ. बीएम भारद्वाज होंगे।
लोकहितम ब्लड बैंक के अध्यक्ष अनिल कुमार अग्रवाल ने बताया कि मंडल 2000 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य लेकर रिकॉर्ड स्थापित करेगा। पिछले वर्ष 1036 यूनिट रक्तदान हुआ था। शिविर में कपड़ा कमेटी, रेडीमेड संगठन, होजरी संगठन, सराफा एसोसिएशन, सराफा मैन्युफैक्चरर एसोसिएशन, किनारी बाजार एसोसिएशन, स्वर्णकार एसोसिएशन, पुरुषार्थी संघ, सदर बाजार एसोसिएशन, मोतीगंज खाद्य व्यापार समिति, रावतपाड़ा व्यापार समिति, बर्तन व्यवसाय समिति, व्यापार मंडल, जौहरी बाजार, व्यापार मंडल ताजगंज, व्यापार मंडल पेठा संगठन, लक्ष्मी मार्केट एसोसिएशन, आगरा व्यापार समिति, कमला नगर व्यापार मंडल, बल्केश्वर व्यापार समिति, वशिष्ठ मार्केट, आगरा मशीनरी, शाहगंज मेडिकल एसोसिएशन सहित 60 से अधिक संस्थाएं सहयोग कर रही हैं।
लोकहितम ब्लड बैंक के रोहित अग्रवाल ने बताया कि 65 वर्ष तक के स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकते हैं। रक्तदान के लिए हीमोग्लोबिन साढ़े 12 होना आवश्यक है। डायबीटीज के मरीज भी रक्तदान कर सकते हैं बशर्ते इंसुलिन का सेवन न हो। थायराइड और ब्लड प्रेशर के मरीज रक्तदान नहीं कर सकते।
संगठन महामंत्री राकेश बंसल, सूचना मंत्री दुष्यंत गर्ग, संगठन मंत्री अशोक मंगवानी, राजेंद्र गुप्ता समेत अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।