तीन दिन तक भक्तिमय रहेगा आगरा, भगवान महावीर के जन्मोत्सव पर होंगे आयोजन, निकलेगी विशाल रथयात्रा
आगरा में भगवान महावीर के 2625वें जन्म कल्याणक महोत्सव का भव्य आयोजन 30 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक एम.डी. जैन इंटर कॉलेज मैदान पर होगा। आगरा दिगम्बर जैन परिषद के तत्वावधान में होने वाले इस तीन दिवसीय महोत्सव में धार्मिक अनुष्ठान, विशाल रथयात्रा, रक्तदान शिविर, निःशुल्क चिकित्सा परामर्श, महिलाओं और बच्चों की प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, झांकियां, वात्सल्य भोज और भजन संध्या आयोजित की जाएगी। 31 मार्च को मोती कटरा से निकलने वाली विशाल रथयात्रा शहर के प्रमुख बाजारों और मार्गों से होकर गुजरेगी। आयोजन को लेकर जैन समाज में भारी उत्साह है।
आगरा दिगम्बर जैन परिषद के तत्वावधान में एम.डी. जैन इंटर कॉलेज मैदान पर 30 मार्च से 1 अप्रैल तक धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों की धूम
आगरा। भगवान महावीर के 2625वें जन्म कल्याणक महोत्सव को लेकर आगरा नगर का जैन समाज पूरी श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ तैयारियों में जुट गया है। जैन समाज की प्राचीनतम प्रतिनिधि संस्था आगरा दिगम्बर जैन परिषद के तत्वावधान में यह तीन दिवसीय भव्य आयोजन 30 मार्च 2026 से 1 अप्रैल 2026 तक एम.डी. जैन इंटर कॉलेज मैदान पर आयोजित किया जाएगा। महोत्सव आचार्य आजर्व सागर जी महाराज के शिष्य पूज्य निर्यापक मुनि श्री विलोकसागर जी महाराज एवं मुनिश्री विबोधसागर जी महाराज के पावन सानिध्य में सम्पन्न होगा।
इस महोत्सव की विस्तृत जानकारी देने के लिए श्री शान्तिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर स्थित नारायण भवन, हरीपर्वत में परिषद द्वारा पत्रकार वार्ता आयोजित की गई, जिसमें पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की। परिषद के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद जैन ने बताया कि इस वर्ष भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव को लेकर समाज में भारी उत्साह है और तीनों दिन विविध धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पहले दिन 30 मार्च 2026 (सोमवार) को प्रातः 8:00 बजे से देव दर्शन, श्रीजी को श्रीफल भेंट एवं मुनि संघ को श्रीफल अर्पण किया जाएगा। इसके बाद 8:30 बजे अहिंसा स्तंभ पर ध्वजारोहण तथा 8:45 बजे मुख्य पंडाल पर ध्वजारोहण, पंडाल शुद्धि एवं उद्घाटन होगा। तत्पश्चात मुनि संघ के मंगल प्रवचन होंगे। प्रातः 10:00 बजे से अखिल भारतीय पल्लीवाल जैन महासभा, आगरा द्वारा निःशुल्क चिकित्सा परामर्श शिविर आयोजित किया जाएगा, जबकि 10:30 बजे से आगरा दिगम्बर जैन परिषद की ओर से रक्तदान शिविर लगाया जाएगा।
इसी दिन दोपहर 2:00 बजे से महिलाओं एवं बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें मेहंदी, रंगोली, बंदनवार, मंगल कलश, चित्रकला, पोस्टर बनाओ, थाल सजाओ, निबंध लेखन और व्यंजन प्रतियोगिता शामिल रहेंगी। सायं 7:00 बजे मानस्तंभ की महाआरती होगी और रात्रि 8:00 बजे मुख्य पंडाल में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
परिषद के महामंत्री मनीष कुमार जैन (ठेकेदार) ने बताया कि 31 मार्च 2026 (मंगलवार) को प्रातः 7:30 बजे से भगवान महावीर जन्म कल्याणक की विशाल रथयात्रा निकाली जाएगी। यह रथयात्रा श्री 1008 महावीर स्वामी दिगम्बर जैन मंदिर, मोती कटरा से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों हनुमान चौराहा, बड़ा मंदिर मोतीकटरा चौराहा, हींग की मंडी शू मार्केट, कोतवाली, अग्रसेन चौक, फब्बारा, किनारी बाजार, जौहरी बाजार, दरेसी नं. 1 व 2, छत्ता बाजार, कचहरी घाट, बेलनगंज, पथवारी, धूलियागंज, सिटी स्टेशन रोड, घटिया और मंडी सईद खां से होती हुई अपराह्न 3:00 बजे एम.डी. जैन इंटर कॉलेज मैदान स्थित कुंडलपुर नगर पहुंचेगी।
रथयात्रा के समापन के बाद मुख्य पंडाल में पूजन, मुनि संघ के प्रवचन और श्रीजी का कलशाभिषेक होगा। कलशाभिषेक के उपरांत श्री अग्रवाल दिगम्बर जैन महासभा, आगरा द्वारा वात्सल्य भोज का आयोजन किया जाएगा। परिषद के अर्थमंत्री राकेश जैन (परदे वाले) ने बताया कि महोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी विशेष आकर्षण रहेगा। 30 मार्च को सायं 7:00 बजे महिला मंडलों द्वारा संगीतमयी आरती प्रस्तुत की जाएगी, जबकि रात्रि 8:00 बजे “रानी चेलना और राजा श्रेणिक” नाटिका का मंचन नितिन शर्मा एंड पार्टी, दिल्ली द्वारा किया जाएगा।
वहीं 31 मार्च को रात्रि 7:30 बजे लक्की ड्रॉ मुनि त्यागव्रती कूपन निकाला जाएगा तथा रात्रि 8:00 बजे जन्म कल्याणक के अवसर पर “बालक महावीर का पालना एवं बधाई” की विशेष प्रस्तुति दी जाएगी, जिसमें विभिन्न महिला मंडल भाग लेंगी। कार्यक्रम संयोजक विमल जैन (ज्योति नगर) ने बताया कि तीनों दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला चलेगी। पूरे कार्यक्रम स्थल को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया जा रहा है। वहीं कलकत्ता से आए कारीगरों द्वारा मुख्य पंडाल को भव्य रूप दिया जा रहा है, जहां तीनों दिन के प्रमुख आयोजन होंगे।
सह-संयोजक दीपक जैन (बोतल वाले) ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर पावापुरी का जल मंदिर, कैलाश पर्वत की झांकियां, मानतुंग आचार्य की झांकी तथा बड़ौत की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। साथ ही पूरे परिसर को भगवान महावीर के गृहस्थ जीवन के नंद्यावर्त महल की भव्य थीम पर सजाया जा रहा है। इस कार्य में बंगाल से आए कारीगर जुटे हुए हैं।
मीडिया प्रभारी आशीष जैन मोनू और राहुल जैन ने बताया कि 1 अप्रैल 2026 (बुधवार) को प्रातः 8:00 बजे श्री शान्तिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में श्रीजी का अभिषेक एवं नित्य नियम पूजा होगी। इसके बाद 8:15 बजे चित्रावरण, दीप प्रज्ज्वलन तथा 8:30 बजे मुनि श्री ससंघ के सानिध्य में जिनेन्द्र महाअर्चना विधान एवं मंगल प्रवचन आयोजित होंगे। दोपहर 1:00 बजे आगरा दिगम्बर जैन परिषद की साधारण सभा होगी और दोपहर 3:00 बजे रथयात्रा की वापसी मोती कटरा के लिए होगी। समापन दिवस पर सायं 7:00 बजे सम्मान समारोह तथा रात्रि 8:00 बजे सुप्रसिद्ध संगीतकार अजीत जैन एंड पार्टी (जयपुर) द्वारा भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।
परिषद पदाधिकारियों ने बताया कि महोत्सव की सभी तैयारियां लगभग पूर्ण कर ली गई हैं और इस बार का आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता, सेवा और सांस्कृतिक वैभव का भी अद्भुत संगम होगा। पत्रकार वार्ता में मुख्य रूप से डा. जितेन्द्र जैन, अशोक जैन एडवोकेट, सुनील जैन ठेकेदार, राकेश जैन पार्षद, अध्यक्ष जगदीश प्रसाद जैन, महामंत्री मनीष जैन ठेकेदार, कोषाध्यक्ष राकेश जैन (परदे वाले), संयोजक विमल जैन, सहसंयोजक दीपक जैन (बोतल वाले), प्रचार मंत्री आशीष जैन मोनू, मनोज जैन भल्ले, रमेश जैन, सतेंद्र जैन साहूला, सुशील जैन, पवन जैन चांदी वाले, मनीष जैन लवली, अनुज जैन क्रांति, शैलेन्द्र जैन रैपरिया, राजेंद्र जैन एडवोकेट, प्रमेन्द्र जैन, मयंक जैन, विशाल जैन, कुमार मंगलम, रवि जैन, दीपक गर्ग, राहुल जैन एडवोकेट, अनिल जैन बजाज, शोभित जैन, सुबोध जैन, अमित जैन सहित समस्त कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।