आगरा बनेगा ‘जाणता राजा’ का साक्षी, छह दिन गूंजेगी शिवाजी महाराज की वीर गाथा
आगरा। आगामी अक्टूबर आगरा ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महाकुंभ का गवाह बनने जा रहा है। छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित विश्वविख्यात महानाट्य ‘जाणता राजा’ 04 से 09 अक्टूबर तक कलाकृति कल्चर एण्ड कन्वेंशन सेंटर ग्राउण्ड पर मंचित होगा। ढाई सौ कलाकारों की सहभागिता, 2 लाख वर्ग फीट का चार मंजिला मंच और प्रतिदिन 20 फीट ऊंची मां तुलजा भवानी की आरती इस आयोजन को अविस्मरणीय बना देगी।
विश्व का सबसे बड़ा महानाट्य आगरा में
इस भव्य आयोजन के कटआउट का विमोचन गुरुवार को होटल पीएल पैलेस में हुआ। आयोजन समिति के अध्यक्ष सीए संजीव माहेश्वरी ने बताया कि यह गौरव की बात है कि विश्वविख्यात ‘जाणता राजा’ अब आगरा में मंचित होगा। ‘जाणता राजा’ का अर्थ है दूरदर्शी राजा। शिवाजी महाराज ने हिंदवी स्वराज्य की स्थापना का स्वप्न देखा और पूरे राष्ट्र में भगवा फहराया। इस नाटक का अब तक विश्वभर में 1200 से अधिक मंचन हो चुके हैं और 70 लाख दर्शक इसे देख चुके हैं।
भव्य मंच और जीवंत प्रस्तुति
-नाट्य मंच 2 लाख वर्ग फीट क्षेत्रफल में बनेगा जो चार मंजिला होगा।
-250 कलाकारों की उत्कृष्ट प्रस्तुति होगी।
-20 फीट ऊंची मां तुलजा भवानी की प्रतिमा।
-हाथी, घोड़े, ऊंट, बैलगाड़ी व पालकी का प्रत्यक्ष प्रयोग होगा।
-अत्याधुनिक ध्वनि-प्रकाश व्यवस्था और आकर्षक आतिशबाजी होगी।
ये सभी तत्व दर्शकों को सीधे शिवाजी महाराज के जीवन और हिंदवी स्वराज्य की अवधारणा से जोड़ेंगे।
60 हजार दर्शकों तक पहुंचाने का लक्ष्य
उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष व स्वागत समिति के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने बताया कि आयोजन को 60 हजार से अधिक दर्शकों तक पहुंचाने का लक्ष्य है। इसके लिए आगरा और आसपास के 30 जिलों में बैठकें और व्याख्यान हो चुके हैं।
विशेष व्याख्यान 13 सितम्बर को
आयोजन समिति के उपाध्यक्ष मनीष अग्रवाल रावी ने बताया कि प्रस्तावना स्वरूप 13 सितम्बर को अपराह्न 3:30 बजे सूरसदन प्रेक्षागृह में विशेष व्याख्यान होगा। विषय रहेगा- ‘हिंदवी स्वराज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज’।
मुख्य वक्ता होंगे रामलाल जी (अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख, आरएसएस) और मुख्य अतिथि होंगे उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक।
आयोजन के उद्देश्य
डॉ. संजय चतुर्वेदी, कार्यकारी अध्यक्ष, दिव्य प्रेम सेवा मिशन ने बताया कि आयोजन के दो प्रमुख उद्देश्य हैं- युवा पीढ़ी शिवाजी महाराज से प्रेरणा लेकर जीवन में दिशा तय कर सके। समाज को दिव्य प्रेम सेवा मिशन के सेवा कार्यों से जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि संस्था पिछले 29 वर्षों से हरिद्वार में कुष्ठ पीड़ितों, अनाथों व असहायों की सेवा कर रही है।
जनसंपर्क अभियान
स्वागत समिति के महामंत्री अभिनव मौर्य और संयोजक ललित शर्मा ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने हेतु व्यापक जनसंपर्क चलाया जा रहा है। छात्रों, चिकित्सकों, शिक्षाविदों और व्यवसायियों से संवाद कर लोगों को अपने इतिहास से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम में इनकी मौजूदगी उल्लेखनीय रही
कटआउट विमोचन कार्यक्रम में डॉ. संजय चतुर्वेदी, सीए संजीव माहेश्वरी, मनीष अग्रवाल रावी, ललित शर्मा, मुकेश गोयल, राकेश गर्ग, प्रमोद सारस्वत, सोम कुमार मित्तल, अभिनव मौर्य, राघवेंद्र सिंह, अमित ग्वाला, संदीप मित्तल, गोविंद दुबे, दीप विनायक पटेल, शुभम नेचुरल, वीरेंद्र अग्रवाल सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।