घने कोहरे की चादर में लिपटा आगरा, सर्दी से राहत लेकिन रफ्तार पर ब्रेक

आगरा में घने कोहरे और हल्की नमी के बीच तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बारिश की संभावना बनी हुई है, लेकिन 3 फरवरी से मौसम साफ और तापमान में इजाफा होने के आसार हैं। कोहरे के कारण ट्रेनें और सड़क यातायात प्रभावित रहा।

Feb 2, 2026 - 11:36
 0
घने कोहरे की चादर में लिपटा आगरा, सर्दी से राहत लेकिन रफ्तार पर ब्रेक
घने कोहरे से जनजीवन अस्त-व्यस्त।

आज भी बारिश की संभावना, ट्रेनों की लेटलतीफी से जनजीवन प्रभावित

आगरा। आगरा में सोमवार की सुबह घने कोहरे के साथ शुरू हुई। शहर के कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम रही, वहीं ओस की हल्की बूंदों ने मौसम को नम बना दिया। हालांकि ठंड से लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली है, क्योंकि रविवार की तुलना में सोमवार सुबह तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।

रविवार सुबह हुई बारिश के बाद दिन में एक-दो बार हल्की फुहारें भी पड़ीं, लेकिन इसका खास असर ठंड पर देखने को नहीं मिला। शनिवार को जहां न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस था, वहीं रविवार सुबह यह बढ़कर 10.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। सोमवार सुबह तापमान और बढ़कर लगभग 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड किया गया। सोमवार को दिन में बारिश की संभावना जताई गई है, हालांकि बीच-बीच में मौसम खुल सकता है और धूप भी निकलने के आसार हैं। शाम के समय फिर से कोहरा छाने की चेतावनी दी गई है।

घने कोहरे का असर यातायात पर साफ दिखाई दिया। कोहरे की वजह से कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चलीं। नई दिल्ली-भोपाल शताब्दी एक्सप्रेस लगभग 45 मिनट की देरी से आगरा पहुंची, जबकि ताज एक्सप्रेस आधे घंटे से ज्यादा लेट रही। अन्य कई ट्रेनें तो घंटों की देरी से चलती रहीं। एक्सप्रेसवे और हाईवे पर दृश्यता कम होने के कारण वाहन चालकों को धीमी रफ्तार से चलना पड़ा, जिससे सफर करने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग का कहना है कि 3 फरवरी से तापमान में और बढ़ोतरी होगी। इसके साथ ही मौसम साफ रहने की संभावना है, जिससे लोगों को कोहरे और नमी से राहत मिल सकती है।