आगरा का अभुआपुरा हत्याकांडः प्रेम प्रस्ताव ठुकराने पर प्रेमी ने की महिला की गला दबाकर हत्या
आगरा। थाना किरावली क्षेत्र के ग्राम अभुआपुरा में 28 जून को एक महिला की रहस्यमयी मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए उसके प्रेमी अजय को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार शारीरिक संबंध बनाने से इंकार करने पर आरोपी ने गुस्से में महिला की गला दबाकर हत्या कर दी थी और हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए उसकी नसें काट दी थीं।
-हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए काटी थी नसें, आरोपी अरेस्ट
छत पर मिला था महिला का शव
मृतका का शव अंबेडकर कॉलोनी स्थित एक मकान की छत पर पाया गया था। हाथ की नसें कटी हुई थीं और गले पर गहरे निशान मौजूद थे। प्रारंभ में मामला आत्महत्या जैसा प्रतीत हुआ, लेकिन मृतका के भाई सतीश चंद (निवासी मथुरा) ने हत्या की आशंका जताते हुए अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।
सीसीटीवी और साक्ष्य से पकड़ा गया हत्यारा
एसीपी अछनेरा ने बताया कि थानाध्यक्ष किरावली के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से आरोपी अजय की पहचान हुई, जिसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी अजय ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया। वह राजमिस्त्री ठेकेदार है और करीब दो महीने पहले ही मृतका मनोज के संपर्क में आया था।
गुस्से में आकर की थी हत्या
अजय ने पुलिस को बताया कि वह मृतका के साथ शारीरिक संबंध बनाना चाहता था, लेकिन महिला ने मना कर दिया। इस पर उसने दुपट्टे से उसका गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। बाद में लोगों को भ्रमित करने के लिए मृतका की कलाई की नसें काट दीं जिससे मामला आत्महत्या लगे। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा भी बरामद कर लिया है।
आरोपी के खिलाफ साक्ष्य पुख्ता
पुलिस ने कहा कि आरोपी के खिलाफ तकनीकी और भौतिक साक्ष्य दोनों मौजूद हैं और उसे जल्द ही न्यायालय में पेश किया जाएगा। घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी, लेकिन अब खुलासे के बाद लोगों में राहत है कि आरोपी को पकड़ लिया गया है।