आगरा का सिविल एन्क्लेव प्रोजेक्ट अब तेज रफ्तार में: फेस-1 के 40 प्रतिशत कार्य हुए पूरे

आगरा। धनौली में विकसित हो रहे आगरा सिविल एन्क्लेव के निर्माण कार्य महत्वपूर्ण चरण में प्रवेश कर चुके हैं। फेस-1 के तहत पिलर, फाउंडेशन, बाउंड्री वॉल, पेड़ विस्थापन सहित करीब 40 प्रतिशत कार्य पूरे हो चुके हैं। अब नाला निर्माण, वैकल्पिक मार्ग और खेरिया–मलपुरा रोड के मॉडल स्वरूप में विकास जैसे प्रमुख कार्य विचारणीय बने हुए हैं। एयरपोर्ट अथॉरिटी, पीडब्ल्यूडी, जल निगम और जिला प्रशासन के तालमेल पर प्रोजेक्ट की 2026 तक की समय-सीमा निर्भर मानी जा रही है।

Dec 5, 2025 - 11:45
 0
आगरा का सिविल एन्क्लेव प्रोजेक्ट अब तेज रफ्तार में: फेस-1 के 40 प्रतिशत कार्य हुए पूरे
आगरा के सिविल एन्क्लेव प्रोजेक्ट के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की एक झलक।

फेस-1 का 40% कार्य पूरा, निर्माण गति पर रिमोट मॉनिटरिंग

वायुसेना के एयर फोर्स स्टेशन, आगरा से सिविल एन्क्लेव के शिफ्टिंग का प्रोजेक्ट 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य तय है। प्रोजेक्ट प्रभारी एवं महाप्रबंधक (अभि.) अनूप चंद्र श्रीवास्तव ने सिविल सोसायटी ऑफ आगरा के प्रतिनिधि मंडल से चर्चा में बताया कि फेस-1 के तहत पिलर, फाउंडेशन और बाउंड्री वॉल के कार्य तेजी से चल रहे हैं। लगभग 40 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। निर्माण की गुणवत्ता और प्रगति की निगरानी स्थानीय स्तर के साथ रिमोट सेंसिंग सिस्टम द्वारा मुख्यालय से भी हो रही है।

286 पेड़ों का विस्थापन पूरा, रिपोर्ट भेजी गई

फेस-1 के तहत 286 पेड़ों की रिलोकेशन प्रक्रिया सामाजिक वानिकी विभाग की सहायता से पूरी कर ली गई है। इस कार्य की रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है, जिसे आगे सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तुत किया जाएगा।

खेरिया–मलपुरा रोड बनेगी मॉडल रोड

सिविल एन्क्लेव तक पहुंचने वाली खेरिया मोड़–धनौली सड़क को पीडब्ल्यूडी मॉडल रोड के रूप में विकसित करेगा। इसके तहत बिजली के पोल शिफ्ट होंगे। अतिक्रमण हटाये जाएंगे। तीन महीने की समय-सीमा में कार्य पूरा करने का लक्ष्य है। सड़क के उच्चीकरण के बाद एन्क्लेव की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।

वैकल्पिक मार्ग निर्माण जरूरी

सिविल एन्क्लेव के अधिग्रहित क्षेत्र में से गुजरने वाली मौजूदा सड़क बाउंड्री वॉल पूरी होने पर बंद हो जाएगी। इसके लिए प्रस्तावित वैकल्पिक मार्ग का निर्माण शासन से मंजूर हो चुका है और धनराशि जारी हो गई है। जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी के निर्देश हैं कि पीडब्ल्यूडी द्वारा वैकल्पिक मार्ग बनने तक मौजूदा रास्ता बंद न किया जाए। छह माह में नया मार्ग तैयार कराने की योजना है।

कनेक्टिंग नाला बनेगा, जलभराव की समस्या खत्म करने पर जोर

मानसून में जलभराव सिविल एन्क्लेव निर्माण की बड़ी समस्या है। प्रोजेक्ट के गंदे पानी के निस्तारण हेतु धनौली से मलपुरा तक एक नाला निर्माण प्रस्तावित है, जिससे पानी खेरिया–मलपुरा के मौजूदा नाले में सुरक्षित निकलेगा। इस समय मानसून में कार्य रुकने का खतरा इसी व्यवस्था के अभाव से है।

एन्क्लेव के लिए आवश्यक जलापूर्ति हेतु यूपी जल निगम जल स्रोतों का परीक्षण कर कार्ययोजना तैयार करेगा। पानी उपलब्ध कराने का संपूर्ण व्यय एयरपोर्ट अथॉरिटी वहन करेगी।

फेस-1 के सभी सशर्त निर्देश पूरे होते ही प्रोजेक्ट को फेस-2 की अनुमति मिल सकेगी। अधिकारी इसे प्रोजेक्ट की महत्वपूर्ण कड़ी मान रहे हैं।

सुरक्षा कर्मियों के आवास हेतु 5 एकड़ जमीन की मांग

एयरपोर्ट अथॉरिटी ने सुरक्षा कर्मियों एवं भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण कर्मचारियों के लिए 5 एकड़ भूमि पर आवासीय परिसर विकसित करने का प्रस्ताव प्रशासन को भेजा है। आवासीय परिसर एन्क्लेव के बुनियादी ढांचे का हिस्सा माना जा रहा है।

नीरी जांच पर सवाल, रक्षा मंत्रालय की अनुमति मुश्किल

सिविल सोसायटी ऑफ आगरा के सचिव अनिल शर्मा ने प्रोजेक्ट प्रभारी से कहा कि एन्क्लेव का एक हिस्सा एयर फोर्स स्टेशन की संवेदनशील सीमा से सटा है। ऐसे में यदि नीरी द्वारा पर्यावरण या प्रदूषण संबंधी जांच करानी पड़े, तो रक्षा मंत्रालय से अनुमति आवश्यक होगी, जो कठिन प्रक्रिया है।

उन्होंने कहा कि टीटीजेड क्षेत्र में नीरी की पूर्व रिपोर्टें प्रदूषण नियंत्रण में खास सफल सिद्ध नहीं रही हैं। इस विषय पर सिविल सोसायटी ने पर्यावरण मंत्रालय को पत्र लिखकर अवगत कराया है।

टीटीजेड प्राधिकरण से उदारता की अपेक्षा

सिविल सोसायटी ने ताज ट्रिपेजियम अथॉरिटी से अनुरोध किया है कि सिविल एन्क्लेव से संबंधित अनुमतियों पर जल्द चर्चा कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराई जाएं। यदि कोई खामी हो तो समाधान हेतु दिशा-निर्देश दिए जाएं। प्रतिनिधि मंडल में अनिल शर्मा के साथ वरिष्ठ पत्रकार राजीव सक्सेना और असलम सलीमी शामिल थे।

सिविल एन्क्लेव प्रोजेक्ट के महाप्रबंधक अनूप चंद्र श्रीवास्तव से चर्चा करते सिविल सोसाइटी ऒफ आगरा के पदाधिकारी।

SP_Singh AURGURU Editor