आगरा की बेटी का जलवा, डॊ. अनुपम ने मिसेज इंडिया 2026 में टॉप-10 में बनायी जगह
आगरा। जयपुर में आयोजित प्रतिष्ठित मिसेज इंडिया कॉन्टेस्ट 2026 में आगरा की बेटी डॉ. अनुपम श्रीवास्तव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सातवां स्थान हासिल किया है। वोगस्टार इंडिया द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर से आई सैकड़ों प्रतिभागियों के बीच डॉ. अनुपम की यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि आगरा शहर के लिए भी गर्व और गौरव का क्षण बन गई है।
फैशन और ग्लैमर की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुकीं डॉ. अनुपम श्रीवास्तव केवल एक मॉडल ही नहीं, बल्कि एक प्रभावशाली सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और ब्लू वर्ल्ड नामक इवेंट कंपनी की डायरेक्टर भी हैं। इंस्टाग्राम जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उनके हजारों फॉलोअर्स हैं, जो उनकी लोकप्रियता और प्रभाव को दर्शाते हैं। उनकी स्टाइल, आत्मविश्वास और प्रस्तुति ने उन्हें फैशन इंडस्ट्री का चर्चित चेहरा बना दिया है।
डॉ. अनुपम अब तक दर्जनों बड़े फैशन शोज़ में शो-स्टॉपर के रूप में रैंप पर उतर चुकी हैं। इसके साथ ही वे कोलकाता में आयोजित अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में प्रतिभाग कर चुकी हैं, जहां उन्होंने फैशन और सिनेमा के मंच पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई।
भारतीय परंपरागत परिधान को वैश्विक पहचान दिलाने में भी उनका अहम योगदान रहा है। वे असम के एक सुप्रसिद्ध साड़ी ब्रांड की ब्रांड एंबेसडर हैं और भारतीय संस्कृति व वस्त्रों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर चुकी हैं।
मॉडलिंग के क्षेत्र में डॉ. अनुपम का अनुभव देश की सीमाओं से आगे तक फैला हुआ है। भारत के कई प्रमुख शहरों के अलावा वे मिलान (इटली) सहित अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी रैंप वॉक कर चुकी हैं, जहां उन्होंने भारतीय प्रतिभा और आत्मविश्वास को वैश्विक पहचान दिलाई।