कैमरून में फंसे आगरा के धीरज जैन दंपति वीडियो कॉल पर रो पड़े, सांसद नवीन जैन ने लिखी पीएम को चिट्ठी

आगरा। दक्षिणी अफ्रीका में कैमरून के दुआला शहर में फंसे आगरा निवासी धीरज जैन की स्वदेश वापसी के लिए स्थानीय जैन समाज की ओर से भी आवाजें उठ रही हैं। कंपनी विवाद के चलते धीरज जैन, उनकी पत्नी और एक वर्षीय बच्ची पिछले कई दिनों से गहरे संकट में फंसे हुए हैं। कंपनी द्वारा पासपोर्ट ले लिए जाने के कारण वे भारत नहीं लौट पा रहे। इस मानवीय संकट पर संज्ञान लेते हुए राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेजकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

Nov 20, 2025 - 19:52
 0
कैमरून में फंसे आगरा के धीरज जैन दंपति वीडियो कॉल पर रो पड़े, सांसद नवीन जैन ने लिखी पीएम को चिट्ठी

पत्र भेजने से पहले सांसद नवीन जैन ने धीरज जैन व उनकी पत्नी से व्हाट्सएप कॉल पर बात की। बातचीत के दौरान दोनों भावुक होकर रो पड़े। उन्होंने बताया कि वे किसी भी विवाद में शामिल नहीं हैं। कंपनी का परमिट समाप्त, फिर भी पासपोर्ट नहीं लौटाया जा रहा। उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब है। बच्ची के लिए भी आवश्यक सामान की कमी से जूझ रहे हैं। इससे लगातार बढ़ रहा मानसिक तनाव बढ़ रहा है।

दंपति की टूटती आवाज सुनकर ही सांसद ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस बारे में प्रधानमंत्री कार्यालय को पत्र लिखकर अवगत कराया है और तत्काल हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है।

सांसद के पत्र में कहा गया है कि धीरज जैन करीब 12 वर्षों से कैमरून की सतगुरु ट्रैवल्स कंपनी में कार्यरत हैं। आंतरिक विवाद के बाद कंपनी ने उनका तथा उनके परिवार का पासपोर्ट लौटाने से इनकार कर दिया है, जिसके चलते वे कानूनी और मानसिक दोनों दबाव झेल रहे हैं।

धीरज जैन ने अपनी व्यथा बताते हुए एक वीडियो और कई संदेश अपने परिजनों व जैन समाज को भेजे हैं। ये सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किए जा रहे हैं। इस पर भी जैन समाज के प्रतिनिधियों ने सांसद नवीन जैन से त्वरित मदद की गुहार लगाई है।

सांसद श्री जैन ने धीरज जैन द्वारा भेजा गया प्रार्थना पत्र भी प्रधानमंत्री कार्यालय में संलग्न कर भेजा है और विश्वास व्यक्त किया कि सरकार तत्काल कदम उठाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor