आगरा का जनकपुरी महोत्सव : भाजपा महासचिव सुनील बंसल और सुधांशु त्रिवेदी को दिया आमंत्रण

आगरा की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर जनकपुरी इस वर्ष फिर से श्रीराम-जानकी विवाहोत्सव की भव्यता के साथ सजने जा रही है। आयोजन समिति ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल और राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी को दिल्ली में जनकपुरी के लिए ससम्मान आमंत्रित किया। 148 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहा यह पर्व धार्मिक श्रद्धा और सामाजिक एकता का अद्वितीय संगम है।

Sep 2, 2025 - 19:31
 0
आगरा का जनकपुरी महोत्सव : भाजपा महासचिव सुनील बंसल और सुधांशु त्रिवेदी को दिया आमंत्रण
दिल्ली पहुंचकर भाजपा महासचिव सुनील बंसल और भाजपा प्रवक्ता एवं सांसद सुधांशु त्रिवेदी को आमंत्रण पत्र देते सांसद नवीन जैन और जनकपुरी कमेटी के पदाधिकारी।

जनकपुरी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जनकपुरी आयोजन समिति के संरक्षक एवं राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने किया। उन्होंने बताया कि 148 वर्षों से लगातार आयोजित होने वाला यह महोत्सव आगरा की धार्मिक आस्था, संस्कृति और परंपरा की पहचान बन चुका है। जनकपुरी केवल धार्मिक श्रद्धा का पर्व नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज को संस्कृति, सद्भाव और एकता की डोर से जोड़ने वाला उत्सव भी है। 

सांसद नवीन जैन ने दोनों नेताओं को बताया कि जब पूरा आगरा अयोध्या और मिथिला की झलक से सजा होता है, तो हर व्यक्ति अपनी संस्कृति और गौरव का अनुभव करता है। लाखों श्रद्धालुओं की आस्था इस आयोजन की सबसे बड़ी शक्ति है, जो इसे साल दर साल और भी भव्य बनाती है।

इस वर्ष महोत्सव 16 से 21 सितंबर तक आयोजित होगा। 18 और 19 सितंबर को प्रभु श्रीराम, माता जानकी और उनके तीनों भ्राताओं का विशेष श्रृंगार मिथिला महल के मंच पर किया जाएगा। इन दिनों प्रभु श्रीराम और माता जानकी की आरती का भी विशेष आयोजन होगा। 

भेंट के दौरान सुनील बंसल और सुधांशु त्रिवेदी ने आयोजन समिति को शुभकामनाएं दीं और आश्वासन दिया कि वे स्वयं मिथिला नगरी पधारकर प्रभु श्रीराम और माता जानकी के पावन दर्शन का सौभाग्य प्राप्त करेंगे। 

प्रतिनिधिमंडल में राजा जनक स्वरूप राजेश अग्रवाल, समिति, अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल, महमंत्री पार्षद प्रदीप अग्रवाल, संयोजक पार्षद पंकज अग्रवाल, उप मंत्री वंश अग्रवाल, उमेश कंसल और सुनील सिंहल शामिल रहे।

SP_Singh AURGURU Editor