विश्व मंच पर गूंजा आगरा का नाम, प्राची पचौरी के गोल्ड से भारत बना रोल बॉल वर्ल्ड चैंपियन
दुबई में हुए 7वें रोल बॉल वर्ल्ड कप 2025 में आगरा की प्राची पचौरी ने भारतीय महिला टीम के साथ स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। भारत ने फाइनल में केन्या को 3–2 से हराकर तीसरी बार खिताब जीता। इस उपलब्धि पर कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने प्राची और उनके परिजनों का घर पहुंचकर सम्मान किया। प्राची खेल और पढ़ाई दोनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं।
कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने घर पहुंचकर किया सम्मान
आगरा। दुबई में आयोजित 7वें रोल बॉल वर्ल्ड कप 2025 में आगरा की बेटी प्राची पचौरी ने स्वर्ण पदक जीतकर न सिर्फ उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। 16 देशों की भागीदारी वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारतीय महिला रोल बॉल टीम ने फाइनल मुकाबले में केन्या को 3–2 से हराकर वर्ल्ड कप अपने नाम किया। यह भारत का तीसरा महिला रोल बॉल वर्ल्ड कप खिताब है।
फाइनल मुकाबले में केन्या की टीम लगातार तीसरी बार खिताब जीतने के इरादे से उतरी थी, लेकिन प्राची पचौरी, इशिका शर्मा और सुविधा सरीन के बेहतरीन तालमेल और जुझारू प्रदर्शन ने केन्या के मंसूबों पर पानी फेर दिया। इससे पहले सेमीफाइनल में भारत ने ईरान को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया था।
मंत्री ने घर पहुंचकर किया सम्मान
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय प्राची पचौरी के रुई की मंडी, शाहगंज स्थित निवास पर पहुंचे और उनका भव्य स्वागत व सम्मान किया। इस अवसर पर मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि आज भारत की नारी शक्ति का डंका रोल बॉल वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी पूरी दुनिया ने सुना है। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार खेल प्रतिभाओं के साथ खड़ी है। मंत्री ने प्राची से उनके संघर्ष, अभ्यास और चैंपियन बनने की यात्रा के बारे में विस्तार से चर्चा की और आश्वासन दिया कि खेल से जुड़ी किसी भी आवश्यकता या समस्या में सरकार पूरा सहयोग करेगी।
10 वर्षों की मेहनत लाई रंग
वर्ल्ड चैंपियन प्राची पचौरी ने बताया कि वह पिछले 10 वर्षों से लगातार कठिन परिश्रम कर रही हैं। वर्तमान में वह बोस्टन पब्लिक स्कूल, पश्चिमपुरी में कोच सुमित पाराशर के निर्देशन में नियमित अभ्यास कर रही हैं। उन्होंने बताया कि 10 नवंबर से 10 दिसंबर 2025 तक पुणे में आयोजित भारतीय टीम के कैंप में एक माह के कठिन प्रशिक्षण के बाद टीम दुबई के लिए रवाना हुई थी, जहां 16 देशों की टीमों को हराकर भारत ने विश्व कप पर कब्जा जमाया।
पढ़ाई और खेल दोनों में अव्वल
प्राची पचौरी ने सेंट पॉल चर्च कॉलेज, संजय पैलेस, आगरा से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा 95 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की है। अब तक वह राष्ट्रीय स्तर पर 6 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक जीत चुकी हैं। उनका चयन इंदौर में आयोजित सीनियर नेशनल रोल बॉल टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के आधार पर हुआ था, जहां फाइनल में तमिलनाडु को हराकर उन्होंने वर्ल्ड कप टीम में अपनी जगह पक्की की।
परिजनों का भी किया सम्मान
कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने इस अवसर पर प्राची के पिता डॉ. दिग्विजय पचौरी, माता साधना पचौरी और भाई जलज पचौरी का भी अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि आज देश की बेटियां विश्व मंच पर भारत का मान बढ़ा रही हैं। दक्षिण विधानसभा क्षेत्र की बेटी का यह गौरव पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
ये रहे मौजूद
स्वागत समारोह में कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, रमाशंकर त्यागी, सुनील करमचंदानी, आदेश त्यागी, पूर्व पार्षद अनीता खरे, उमेश पेरवानी, संदीप उपाध्याय, संदीप वर्मा, पार्षद राधा रानी, गौरव सारस्वत, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, खेल प्रेमी एवं प्राची के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।