आगरा की पॉश कॉलोनी में पानी का संकट: बाग फरजाना के लोग बूंद-बूंद को मोहताज, भीषण गर्मी में महीनों से ठप जलापूर्ति, पानी खरीदकर गुजारा करने को मजबूर परिवार
आगरा। ताजनगरी की पॉश कॉलोनियों में शुमार सिविल लाइंस स्थित बाग फरजाना क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट गहरा गया है। वार्ड-95 के अंतर्गत आने वाले इस इलाके में महीनों से पानी की सप्लाई प्रभावित होने के कारण दर्जनों परिवारों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पानी खरीदकर काम चलाना पड़ रहा है। समस्या के समाधान के लिए वर्षों से नगर निगम, जल संस्थान और जनप्रतिनिधियों के चक्कर काट रहे लोगों का धैर्य अब जवाब देने लगा है। शुक्रवार को क्षेत्रीय नागरिकों ने एकत्र होकर मीडिया के समक्ष अपनी पीड़ा व्यक्त की और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
गर्मी बढ़ी तो गहरा गया जल संकट
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष गर्मियों के मौसम में पानी की समस्या विकराल रूप धारण कर लेती है। सिविल लाइंस के बाग फरजाना क्षेत्र में डॉ. नलव किशोर के निवास से लेकर स्पीड कलर लैब (एमडी रोड) तक के इलाके में पानी की सप्लाई महीनों से बाधित है। नलों में पर्याप्त प्रेशर न होने के कारण घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है।
शिकायतें हुईं, समाधान नहीं
स्थानीय निवासी राजेश मित्तल ने बताया कि क्षेत्रवासी पिछले कई वर्षों से नगर निगम और जल संस्थान के अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराते आ रहे हैं। हर बार अधिकारियों द्वारा आश्वासन दिया जाता है, लेकिन धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती। उनका कहना है कि यह समस्या नई नहीं है, बल्कि पिछले पांच से छह वर्षों से लगातार बनी हुई है।
पाइपलाइन डालने की जरूरत, फिर भी नहीं हुआ काम
स्थानीय नागरिकों के अनुसार समस्या का स्थायी समाधान क्षेत्र में नई पाइपलाइन डालने से हो सकता है। अधिकारियों को इसकी जानकारी भी है और हर वर्ष पाइपलाइन डालने की बात कही जाती है, लेकिन आज तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। परिणामस्वरूप हर गर्मी में लोगों को पानी की किल्लत झेलनी पड़ती है।
खरीदना पड़ रहा पानी
भीषण गर्मी में जल संकट के चलते लोगों को पीने और घरेलू उपयोग के लिए निजी टैंकरों तथा अन्य स्रोतों से पानी खरीदना पड़ रहा है। इससे लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि पॉश कॉलोनी में रहने के बावजूद मूलभूत सुविधा के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
इस बारे में क्षेत्रीय पार्षद शरद चौहान ने बताया कि बाग फरजाना की एक गली के कुछ मकानों के ऊंचाई पर होने के कारण पानी कम नहीं पहुंच पाता है। क्षेत्रीय लोगों ने समस्या बताई थी, यहां के लिए नई पाइप लाइन डालने का काम जल्द शुरू होने जा रहा है।
इस दौरान राजेश मित्तल, गौरव शर्मा, डॉ. अभिषेक अग्रवाल, आशुतोष उपाध्याय, लाल सिंह, विवेक, रजनी मित्तल, अंजना शर्मा और डॉ. सिद्धार्थ जैन सहित अनेक क्षेत्रवासी मौजूद रहे।