आगरा के शास्त्रीपुरम में कार ने अधेड़ को उड़ा दिया, मौके पर ही मौत, जाम लगाती भीड़ को पुलिस ने खदेड़ा

आगरा। सिकंदरा थाना क्षेत्र के शास्त्रीपुरम-दहतोरा इलाके में मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। दहतोरा निवासी 50 वर्षीय हरी सिंह पुत्र कैलाशी को तेज रफ्तार से दौड़ती कार ने उड़ा दिया। कार की टक्कर से हरी सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इसके बाद गांववासियों ने रास्ता जाम कर दिया, जिसे पुलिस ने लाठियां फटकार कर खुलवाया।

Aug 11, 2025 - 22:26
 0
आगरा के शास्त्रीपुरम में कार ने अधेड़ को उड़ा दिया, मौके पर ही मौत, जाम लगाती भीड़ को पुलिस ने खदेड़ा

यह हादसा प्राची टावर पुलिस चौकी से बाबूजी चौराहे की ओर जाने वाली सड़क पर देशदीपक स्कूल से पहले कट पर हुआ। दहतोरा निवासी हरी सिंह अचानक सड़क के डिवाइडर पर खड़ी झाड़ियों से निकलकर अचानक सड़क पर आए, जहां तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही हरी सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।

कार चालक ने घटना के बाद मौके से कार को दौड़ा दिया और फरार हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। मृतक के परिजन व स्थानीय लोग घटनास्थल पर आकर सड़क को जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन भारी भीड़ के कारण स्थिति तनावपूर्ण हो गई। प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए पुलिस ने लाठियां फटकार कर लोगों को तितर-बितर किया। इस बीच पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि हादसे के दोषी कार चालक का पता लगाया जा सके। टक्कर मारने वाली कार मैनपुरी की बताई जा रही है।

पुलिस ने मृतक के परिजनों को भरोसा दिया है कि आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतक के परिजन को पुलिस ने सांत्वना दी और मामले की तफ्तीश जारी है।

SP_Singh AURGURU Editor