आगरा के सूर्यांश का विश्व मंच पर परचम, बने ‘ग्रेट मैन ऑफ द यूनिवर्स’ के प्रथम रनर-अप

आगरा। आगरा की धरती के 19 वर्षीय युवा सूर्यांश पृथ्वीजीत सिंह ने मेहनत और आत्मविश्वास से वह कर दिखाया, जिस पर शहर ही नहीं, पूरा देश गर्व कर सके। मुंबई से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में बी.टेक कर रहे सूर्यांश ने मनीला, फिलीपींस में आयोजित प्रतिष्ठित ‘ग्रेट मैन ऑफ द यूनिवर्स’  प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व कर प्रथम रनर-अप का गौरव हासिल किया।

Sep 12, 2025 - 18:30
 0
आगरा के सूर्यांश का विश्व मंच पर परचम, बने ‘ग्रेट मैन ऑफ द यूनिवर्स’ के प्रथम रनर-अप
मनीला, फिलीपींस में ग्रेट मैन ऒफ द यूनिवर्स प्रतियोगिता में प्रथम रनर अप रहे सूर्यांश पृथ्वीजीत सिंह (मध्य में)।

विश्वभर से आए प्रतिभागियों के बीच सूर्यांश ने अपनी बुद्धिमत्ता, व्यक्तित्व और परफॉर्मेंस से निर्णायकों का दिल जीता। इस दौरान उन्होंने दो विशेष उप-खिताब भी अपने नाम किए। ये हैं- सर्वश्रेष्ठ व्यक्तित्व (Best Personality) और सर्वश्रेष्ठ स्विमवियर (Best Swimwear)।

इससे साबित हुआ है कि सूर्यांश सिर्फ आकर्षक व्यक्तित्व के धनी ही नहीं, बल्कि कठिन मेहनत और अनुशासन से हर चुनौती को पार करने वाले सच्चे योद्धा हैं।

न्यूयॉर्क फैशन वीक 2025 में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व

सूर्यांश के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें अब न्यूयॉर्क फैशन वीक 2025 के लिए अनुशंसित किया गया है। यह दुनिया के सबसे बड़े और प्रतिष्ठित फैशन आयोजनों में से एक है। इस मंच पर उतरना किसी भी भारतीय युवक के लिए गर्व और ऐतिहासिक अवसर है।

पहले भी चमकाया था नाम

सूर्यांश की यह सफलता कोई पहली बार नहीं है। उन्होंने मिस्टर टीन इंडिया 2023, नई दिल्ली जीतकर राष्ट्रीय पहचान बनाई। एलीट मिस्टर इंडिया 2024, पंजिम (गोवा) जीतकर अपनी नींव और मजबूत की। इन खिताबों ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच पर आत्मविश्वास के साथ खड़ा होने का हौसला दिया।

शहरवासियों का गर्व, युवाओं का प्रेरणास्रोत

डिफेंस कॉलोनी अवाम, आगरा शहरवासी और डिफेंस कॉलोनी यूथ वेलफेयर सोसाइटी ने सूर्यांश को हार्दिक बधाई दी। सोसाइटी अध्यक्ष राजीव सोई, सचिव बंटी यादव, वरिष्ठ सदस्य राज चौहान, विवेक उपाध्याय, ज्ञानेन्द्र यादव, दीपक शर्मा, कमाल चाहर, हरि मोहन सिंह, हरपाल सिंह, सन्नी उपाध्याय, पंकज यादव और बाबू भाई ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सूर्यांश की यह यात्रा युवाओं के लिए प्रेरणा है कि शिक्षा और ग्लैमर, अनुशासन और सपनों को साथ लेकर भी सफलता हासिल की जा सकती है। उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में वे मिस्टर इंडिया और मिस्टर यूनिवर्स जैसे बड़े खिताब जीतकर भारत का नाम और रोशन करेंगे।

SP_Singh AURGURU Editor