आगरा का तेजोमहालय केस: आगामी छह अगस्त को होगी अगली सुनवाई

आगरा। ऐतिहासिक तेजोमहालय (श्री तेजो महादेव@तेजो लिंग महादेव) मंदिर को लेकर चल रहे बहुचर्चित वाद केस संख्या 197/2024 – योगेश्वर श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संघ ट्रस्ट बनाम सचिव, संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार आदि की सुनवाई सोमवार को अपर सिविल जज (जू०डि०) आगरा की अदालत में हुई।

Jul 14, 2025 - 19:44
 0
आगरा का तेजोमहालय केस: आगामी छह अगस्त को होगी अगली सुनवाई

-सुनवाई के दौरान अधिवक्ता ने सुप्रीम कोर्ट के स्टे आदेश का किया उल्लेख, कई प्रार्थना पत्र अभी भी लंबित

वाद की सुनवाई के दौरान वादी अधिवक्ता ने न्यायालय को अवगत कराया कि मामले में कई प्रार्थना पत्र अब भी निस्तारण की प्रतीक्षा में हैं। इनमें भजनलाल और सईद इब्राहीम हुसैन जैदी द्वारा केस में विपक्षी बनने हेतु दाखिल आवेदन भी शामिल है, जिसका अभी निस्तारण नहीं हुआ है। साथ ही भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार को विपक्षी बनाने हेतु नोटिस अवधि से दो माह की छूट मांगे जाने का आवेदन भी न्यायालय में लंबित है।

वादी पक्ष ने बताया कि विपक्षी संख्या-4, महानिदेशक, पर्यटन निदेशालय, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा लिखित उत्तर केस में दाखिल किया जा चुका है, जबकि विपक्षी संख्या-1 सचिव संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार, विपक्षी संख्या-2 महानिदेशक, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग, और विपक्षी संख्या-3 अधीक्षक, कार्यालय अधीक्षण पुरातत्ववेत्ता, आगरा सर्किल का उत्तर अभी तक दाखिल नहीं किया गया है।

अधिवक्ता ने कोर्ट को यह भी बताया कि पूजा स्थल अधिनियम 1991 पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा जो अंतरिम रोक लगाई गई है, वह केवल नए आदेश या सर्वे से संबंधित अंतरिम या अंतिम आदेशों पर लागू है, जबकि पहले से चल रहे मुकदमों की प्रोसीडिंग्स पर किसी प्रकार की रोक नहीं है।

न्यायालय ने सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के परीक्षण के पश्चात अगली सुनवाई और आदेश के लिए दिनांक 6 अगस्त 2025 नियत की है।

SP_Singh AURGURU Editor