आगरा का उटंगन हादसाः छठवें दिन नदी ने निकाली गईं दो और निष्प्राण देह, गांव में मातम

आगरा। खेरागढ़ थाना क्षेत्र के कुसियापुर गांव के पांस उटंगन नदी हादसे में डूबे 12 युवकों में से अब तक दस शव बरामद किए जा चुके हैं। सोमवार शाम तक आठ शव मिले थे जबकि मंगलवार सुबह से चले सर्च अभियान में दो और शव निकल लिए गए। अब केवल दो युवक लापता हैं, जिनकी तलाश सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की संयुक्त टीमें निरंतर कर रही हैं।

Oct 7, 2025 - 12:54
 0
आगरा का उटंगन हादसाः छठवें दिन नदी ने निकाली गईं दो और निष्प्राण देह, गांव में मातम
उटंगन नदी से मंगलवार जिस सचिन का शव निकाला गया, उसकी फाइल फोटो।

-अभी दो और शवों को बरामद करने के लिए सर्च ऒपरेशन जारी, बीते गुरुवार को मूर्ति विसर्जन के समय डूबे थे 12 युवक

कुसियापुर गांव में मौके पर मौजूद सांसद राज कुमार चाहर, विधायक भगवान सिंह कुशवाह, पूर्व विधायक महेश गोयल, चेयरमैन सुधीर गर्ग एवं अधिकारी।

सचिन और दीपक के शव मिलने से गांव में मचा कोहराम

मंगलवार सुबह लगभग साढ़े दस बजे रेस्क्यू टीम को नदी में 15 से 20 फीट नीचे एक शव मिला, जिसकी पहचान सचिन पुत्र रामवीर के रूप में हुई। कुछ ही देर बाद दोपहर 12 बजे दीपक पुत्र सुक्खन का शव भी बरामद कर लिया गया। दोनों के शव नदी से बाहर निकलते ही परिजनों और ग्रामीणों में कोहराम मच गया।
सांसद राज कुमार चाहर और एसीपी इमरान अहमद ने सचिन और दीपक के शव मिलने की पुष्टि की है। प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि घटनास्थल पर मौजूद हैं।

बचाव दलों का अथक अभियान जारी

दो लापता युवकों की तलाश में सेना की 411 पैरा फील्ड यूनिट, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोर लगातार जुटे हैं। मौसम साफ रहने के कारण मंगलवार को रेस्क्यू अभियान तेज़ी से चला। उम्मीद जताई जा रही है कि शेष युवकों के शव भी जल्द मिल जाएंगे।

विशेष गोताखोरों की टीम गहराई तक कर रही खोज

उत्तराखंड सहित कई बड़े बचाव अभियानों में शामिल रही 411 पैरा फील्ड यूनिट को इस सर्च मिशन में लगाया गया है। 19 सदस्यीय दल में एक मेजर, दो जेसीओ और विशेष रूप से प्रशिक्षित गोताखोर शामिल हैं।
ये जवान 30 से 35 फीट गहराई तक ऑक्सीजन सिलिंडर के साथ जाकर पानी के नीचे लंबी अवधि तक खोज अभियान चला रहे हैं। हाल ही में राजस्थान के सरमथुरा में डूबे एयरफोर्स जवान की खोज में भी इसी यूनिट ने भाग लिया था।

सांसद ने मौके पर ली रेस्क्यू की जानकारी

सांसद राजकुमार चाहर ने मंगलवार सुबह पुनः घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान की प्रगति की जानकारी ली। उनके साथ विधायक भगवान सिंह कुशवाहा, पूर्व विधायक महेश गोयल, चेयरमैन सुधीर गर्ग, उपजिलाधिकारी ऋषि राव, संदीप यादव, स्वाति शर्मा, एसीपी इमरान अहमद, मोहन गोयल, सोनू चौधरी, सतेन्द्र यादव सहित कई अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

विसर्जन के दौरान डूबे थे 13 युवक, एक बचा लिया गया था

गुरुवार को कुसियापुर गांव के लोग देवी मूर्तियों का विसर्जन करने के लिए डूंगरवाला गांव के पास उटंगन नदी पहुंचे थे। विसर्जन के दौरान नदी में बने गहरे गड्ढे में 13 युवक डूब गए थे। उसी समय एक युवक तो बचा लिया गया था जबकि 12 डूब गये थे। ग्रामीणों के अनुसार नदी में हुए अवैध खनन के कारण यह गहराई 50 से 60 फीट तक हो गई थी।
हादसे के दिन तीन शव मिल गए थे, एक युवक विष्णु को बचा लिया गया था, जिसका इलाज जारी है। इसके बाद से लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है और अब तक दस शव निकाले जा चुके हैं।

SP_Singh AURGURU Editor