आगरा में ऊर्जा मंत्री के खिलाफ अग्रवाल युवाओं ने किया प्रदर्शन, बर्खास्तगी की मांग
आगरा। उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा की कथित टिप्पणी को लेकर वैश्य (बनिया) समाज में गहरा रोष व्याप्त है। इस टिप्पणी के खिलाफ अग्रवाल युवा संगठन के नेतृत्व में शुक्रवार को सैकड़ों युवाओं ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया और राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपकर एके शर्मा को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की।
प्रदर्शन की शुरुआत सुभाष पार्क से हुई, जहां संगठन के कार्यकर्ता एकत्र हुए और नारेबाज़ी करते हुए पैदल मार्च कर जिला मुख्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने ऊर्जा मंत्री होश में आओ, राज्यपाल जी से यह पुकार, ऊर्जा मंत्री को करो बर्खास्त.. जैसे नारे लगाए।
मामले की पृष्ठभूमि में ऊर्जा मंत्री एके शर्मा का एक कथन सामने आया है, जिसमें उन्होंने विभागीय बैठक के दौरान कहा था, यह कोई बनिए की दुकान नहीं चला रहे कि पैसा ले लिया और सामान नहीं मिलेगा। इस कथन को वैश्य समाज ने अपमानजनक बताया है।
अग्रवाल युवा संगठन के अध्यक्ष राकेश अग्रवाल ने कहा, वैश्य समाज देश के सबसे बड़े करदाताओं में से है और हर संकट में राष्ट्र के साथ खड़ा रहता है। भामाशाह, डॉ. लोहिया, महात्मा गांधी, महाराजा अग्रसेन जैसे महापुरुष इसी समाज से आए हैं। एक मंत्री को ऐसे समाज के इतिहास की समझ होनी चाहिए।
प्रदर्शन में विनोद कुमार अग्रवाल (संस्थापक), अखिल बंसल, अंकित अग्रवाल (महामंत्री), जितेंद्र अग्रवाल (कोषाध्यक्ष), मयंक अग्रवाल, संदीप अग्रवाल, अमित बंसल, मोहित अग्रवाल, संजय अग्रवाल, प्रवीन सिंघल, राजीव सिंघल, चिराग अग्रवाल, कपिल अग्रवाल, अजय अग्रवाल, सोनू अग्रवाल, प्रतीक गोयल, आशीष अग्रवाल, गोविंद अग्रवाल, शशांक अग्रवाल, शिवम गर्ग आदि ने भाग लिया।