बरेली में वायुसेना के हेलीकॉप्टर की खेत में इमरजेंसी लैंडिंग, पायलट की सूझबूझ से टली बड़ी दुर्घटना
बरेली में सोमवार को एक संभावित हादसा टल गया, जब भारतीय वायुसेना के एक हेलीकॉप्टर को तकनीकी खराबी के चलते खेत में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। पायलट की सतर्कता ने न सिर्फ जमीन पर किसी भी जान-माल के नुकसान को रोका, बल्कि हेलीकॉप्टर में मौजूद सभी वायु सैनिक भी सुरक्षित बाहर आ गए। घटना के बाद ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई, जबकि पुलिस और वायुसेना की टीमों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया।
-आरके सिंह-
बरेली। शनिवार दोपहर वायुसेना का एक एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर (एएलएच) नियमित प्रशिक्षण मिशन पर उड़ान भर रहा था। अचानक इसमें तकनीकी खराबी उत्पन्न हो गई। पायलट ने तुरंत सूझबूझ और प्रशिक्षित कौशल दिखाते हुए हेलीकॉप्टर को बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र के पास स्थित एक खेत में सुरक्षित उतार दिया। हेलीकॉप्टर में सवार सभी जवान और अधिकारी सुरक्षित बताए गए हैं।
रक्षा जनसंपर्क अधिकारी शांतनु प्रताप ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि यह एक एहतियाती और सुरक्षित लैंडिंग थी। उन्होंने बताया, नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान तकनीकी समस्या के चलते हेलीकॉप्टर को खेत में सुरक्षित उतारा गया। किसी तरह की चोट या जमीन पर नुकसान नहीं हुआ है। बचाव दल मौके पर पहुंच चुका है और विस्तृत जांच की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही वायुसेना ने तुरंत दूसरा हेलीकॉप्टर मौके पर भेजा। तकनीकी खराबी वाले हेलीकॉप्टर को शाम 6 बजे तक खेत में ही सुरक्षित रखा गया, जबकि उसमें मौजूद जवानों और अधिकारियों को दूसरे हेलीकॉप्टर के जरिए एयरबेस वापस ले जाया गया। वायुसेना की तकनीकी टीम अब हेलीकॉप्टर की पूरी जांच कर रही है।
इमरजेंसी लैंडिंग के बाद मीरगंज पुलिस ने मौके पर बैरिकेडिंग कर सुरक्षा घेरा बना दिया था। किसी भी व्यक्ति को हेलीकॉप्टर के करीब जाने की अनुमति नहीं दी गई। प्रशासन के अधिकारियों ने घटना स्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।