बरेली में बोले एके शर्मा- अखिलेश ने विकास किया होता तो फेसबुक का सहारा न लेना पड़ता
-आरके सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश के शहरी विकास और ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने अखिलेश यादव के फेसबुक पेज को ब्लाक किये जाने के विवाद पर सपा को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि जनता खुद जानती है और चार बार सपा की सरकार रहने के बावजूद यदि विकास कार्य होते तो फेसबुक या अन्य सोशल मीडिया का सहारा नहीं लेना पड़ता।
मंत्री ने बरेली और संभल में किए गए अवैध कब्जों के मुक्त कराने के प्रयासों का भी उल्लेख किया और साफ कहा कि बरेली में नगर निकाय या सरकार की कोई भी जमीन अवैध कब्जे में नहीं रहने दी जाएगी।
शनिवार को बरेली पहुंचे मंत्री एके शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत में सवाल उठाया कि यदि पिछली सरकारों में विकास कार्य सही ढंग से होते तो आज सोशल मीडिया के सहारे जनता तक संदेश पहुंचाने की जरूरत क्यों पड़ती। उन्होंने कहा, सपा शासनकाल में विकास किया होता तो फेसबुक का सहारा नहीं लेना पड़ता।
उन्होंने रामपुर और संभल में हुई अपनी यात्राओं का जिक्र करते हुए सवाल किया कि वहां की सड़कें और पार्क 70 सालों में क्यों नहीं बने? इसके विपरीत बरेली में पिछले तीन वर्षों में स्ट्रीट लाइटों की संख्या 28 हजार से बढ़कर लगभग 90 हजार हो गई है, जो शहर की प्रगति का स्पष्ट प्रमाण है।
शनिवार को जीआईसी ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने 49.32 करोड़ रुपये की लागत वाली 130 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में सड़क, नालियां, लाइट, पार्क और अन्य जनहित से जुड़े कार्य शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने बिजली विभाग की तीन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
अंत में मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनसेवा और जनकल्याण है। विकास के हर कार्य में पारदर्शिता और जनता की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि उत्तर प्रदेश के हर शहर को स्मार्ट सिटी की योजनाएं प्राप्त हों।