अखिलेश यादव ने डिंपल और जया बच्चन संग फतेहपुर सीकरी में सलीम चिश्ती की दरगाह पर की चादरपोशी, बोले- भाजपा से हमने भी समीकरण बदलने की कला सीख ली है, अगले चुनाव में आगरा समेत यूपी में खेल बदलेंगे
फतेहपुर सीकरी (आगरा)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को अपनी पत्नी सांसद डिंपल यादव और राज्यसभा सदस्य जया बच्चन के साथ हजरत शेख सलीम चिश्ती की दरगाह पर पहुंचकर चादरपोशी की। दरगाह पर दुआ मांगने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने स्पष्ट कहा कि समीकरण बदलने का काम हमने भी बीजेपी से सीख लिया है और आने वाले विधानसभा चुनाव में आगरा समेत पूरी यूपी की राजनीति में भी समीकरण बदलेंगे।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव शेख सलीम चिश्ती की दरगाह पर दुआ मांगते हुए। सीकरी के उनके पहुंचने की कुछ अन्य तस्वीरें।
दरगाह पर चादरपोशी, अमन–शांति की दुआ
कड़ी सुरक्षा के बीच अखिलेश यादव परिवार सहित हजरत शेख सलीम चिश्ती की मजार पर पहुंचे। उन्होंने चादर अर्पित कर देश–प्रदेश की अमन, भाईचारा और खुशहाली के लिए दुआ की। दरगाह से लौटते समय उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान कार्यकर्ताओं में भारी जोश देखने को मिला।
आगरा की पहचान ताज, पेठा, हुनर और इतिहास से- अखिलेश
बाद में मीडिया को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि आगरा की पहचान ताजमहल की शान, पेठे की मिठास और हैंडीक्राफ्ट्स की कला से है। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक स्थलों पर हजारों परिवारों का रोजगार चलता है। आज आगरा मेट्रो का जो काम दिख रहा है, यह समाजवादी सरकार की देन है, जिसे वर्तमान सरकार पूरा कर रही है।
एसआईआर को लेकर सतर्क रहें, सरकार वोट काटना चाहती है
सपा अध्यक्ष ने मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर चिंता जताते हुए कहा कि लोग सतर्क रहें, वोट कटने नहीं देना है। सरकार वोट घटाने का काम कर रही है। आप सभी को सजग रहकर सरकार को ऐसा नहीं करने देना है। वोट कटें नहीं बल्कि जिनके वोट नहीं बने हैं, उनके नाम वोटर लिस्ट में आने चाहिए।
यमुना–गंगा पर भाजपा को कठघरे में खड़ा किया
अखिलेश यादव ने नदियों की स्थिति पर कहा कि डबल इंजन सरकार यमुना की हालत सुधार नहीं सकी। भाजपा सरकार कहती थी कि गंगा का जल बिहार तक पहुंचते ही साफ होगा, लेकिन गंगा आज भी आचमन योग्य नहीं है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार यमुना आगरा आते-आते नाले जैसा पानी हो जाती है। उन्होंने कहा कि लखनऊ में गोमती नदी पर हमारी सरकार ने काम किया था, जिसका नतीजा आज भी देखा जा सकता है।
सपा मुखिया ने देश में इंडिगो उड़ानें थमने के सवाल पर कहा कि आज देश की उड़ानें उद्योगपति तय कर रहे हैं। यह उनकी ताकत का एहसास है, सरकार सिर्फ देख रही है। जनता को भी इसका असर झेलना होगा।
आगरा की नौ सीटों पर समीकरण बदलेंगे- अखिलेश यादव
उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव पर बोलते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा से हमने भी समीकरण बदलने की कला सीखी है। आगरा जिले की नौ सीटों पर भी समीकरण बदलेंगे और समाजवादी पार्टी की जीत सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी समीकरण के हिसाब से ही टिकट और रणनीति बनाएगी।
संविधान व आरक्षण पर टिप्पणी करते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि संविधान हमारी किस्मत की किताब है। उन्होंने कहा डॉ. भीमराव आंबेडकर का लिखा संविधान पीडीए (पिछड़ा–दलित–अल्पसंख्यक) के लिए किस्मत की किताब है। संविधान ने सम्मान के साथ आरक्षण देकर कमजोर वर्ग को आगे बढ़ाया। महिलाओं को भी आगे बढ़ने का रास्ता संविधान ने दिया है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में जूता फेंकने वाली घटना दिखाती है कि ताकतवरों का वर्चस्व कितना गहरा है।
कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत
फतेहपुर सीकरी पहुंचने पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री का जबरदस्त स्वागत किया। स्वागत करने वालों में महानगर अध्यक्ष वाजिद निसार, फतेहपुरसीकरी विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी, वरिष्ठ सपा नेता प्रदीप मुखिया, सपा के वरिष्ठ नेता राजपाल यादव समेत अन्य ने बुके भेंट कर स्वागत किया।
फतेहपुर सीकरी जाते समय सपा मुखिया का किरावली चौराहे पर भी स्वागत किया गया। स्वागत करने वालों में महाराज सिंह शाक्य, ऋषि दर्शन, देवेंद्र शर्मा, रमजान उस्मानी, राशिद कुरैशी, रंजीत चौधरी, स्माइल मेव, डॉक्टर खान, हाजी आज़ाद मेव प्रमुख रूप से मौजूद रहे।