दिल्ली धमाके पर अखिलेश यादव का वार- यह सरकार की नाकामी, खुफिया तंत्र पूरी तरह फेल
पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दिल्ली में हुए बम धमाके को केंद्र सरकार की बहुत बड़ी नाकामी बताते हुए कहा कि खुफिया तंत्र पूरी तरह फेल हो गया है, तभी राजधानी जैसी सुरक्षित मानी जाने वाली जगह पर ऐसी घटना संभव हुई। बरेली आगमन के दौरान अखिलेश ने न केवल सुरक्षा तंत्र की विफलता पर सवाल उठाए बल्कि भाजपा सरकार पर अर्थव्यवस्था, चुनाव प्रणाली और सामाजिक माहौल बिगाड़ने के गंभीर आरोप लगाए।
-आरके सिंह-
बरेली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को बरेली में प्रेस वार्ता कर केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि दिल्ली धमाका सरकार की बहुत बड़ी नाकामी है। अगर खुफिया एजेंसियां सतर्क होतीं तो यह घटना कभी नहीं होती। सरकार अपनी जिम्मेदारी से भाग नहीं सकती।
उन्होंने कहा कि आज देश में भय और असुरक्षा का वातावरण है। भाजपा सरकार ने न केवल जनता का भरोसा खोया है बल्कि हर मोर्चे पर असफल साबित हुई है।
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता बदलाव चाहती है और अब तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री के रूप में देख रही है। युवा अब रोजगार और विकास की राजनीति चाहता है, न कि झूठे वादों की।
अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार देश की अर्थव्यवस्था को चीन के हाथों गिरवी रख चुकी है। सरकार स्वदेशी की बात करती है, लेकिन इकोनॉमी पर चीन के उत्पादों का कब्जा है। बाज़ारों में हर वस्तु पर ‘मेड इन चाइना’ लिखा दिखाई देता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग अब भाजपा के इशारों पर काम कर रहा है। रामपुर और कुंदरकी में हजारों लोगों को वोट डालने नहीं दिया गया। पुलिस ने घरों से निकलने से रोका। शिकायत करने पर भी आयोग ने ध्यान नहीं दिया।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ‘न्यू इंडिया विजन को लेकर आगे बढ़ रही है और बरेली के विकास के लिए अलग मैनिफेस्टो तैयार किया जाएगा। महंगाई, ट्रैफिक, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से जनता त्रस्त है, लेकिन सरकार इन मुद्दों से ध्यान भटकाने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि बीजेपी वाले भगवान से ऊपर हो गए हैं। इकाना स्टेडियम का नाम बदल दिया, लेकिन एक भी नया उद्योग नहीं लगाया। बिजली महंगी कर दी और गरीब को शादी-ब्याह या सोना खरीदने तक की क्षमता नहीं छोड़ी।
अखिलेश ने आरोप लगाया कि असली भूमाफिया तो भाजपा वाले हैं, जो गरीबों की ज़मीनें कब्जा रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि 2027 का चुनाव जनता और पत्रकार दोनों मिलकर तय करेंगे। योगी जी जब अपनी कुर्सी हिलती देख लेते हैं, तब कम्युनल हो जाते हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि बरेली जैसे बड़े शहर में नौजवान रोजगार चाहते हैं। सरकार को यह समझना होगा कि अब जनता बदलाव चाहती है।
सपा प्रमुख के दौरे में विधायक अताउर रहमान के यहां एक विवाह समारोह में भी शिरकत की। इस दौरान समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, कई दिग्गज नेता और बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे।