अक्षय तृतीया पर आगरा में दो बेटियों को मिला सम्मानजनक नया जीवन, लायंस कोनरॉय बना खुशियों का आधार

आगरा। अक्षय तृतीया के अवसर पर विजय नगर स्थित विजय क्लब में आयोजित प्रथम सामूहिक विवाह समारोह में दो निर्धन बेटियों का वैदिक विधि-विधान के साथ विवाह संपन्न कर उन्हें सम्मान और आत्मनिर्भरता के साथ नई जिंदगी की सौगात दी गई। यह आयोजन लॊयंस क्लब कॊनराय के सहयोग से हुआ।

Apr 19, 2026 - 18:05
 0
अक्षय तृतीया पर आगरा में दो बेटियों को मिला सम्मानजनक नया जीवन, लायंस कोनरॉय बना खुशियों का आधार
विजयनगर स्थित विजय क्लब में लायंस क्लब कोनरॉय द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में वर-वधु को आशीर्वाद देते मुख्य अतिथि जितेंद्र चौहान और अजय भार्गव। साथ में विशाल सिंघल, संजय गुप्ता, आशीष गर्ग एवं अन्य सदस्य।

समारोह का माहौल भावनाओं, संस्कारों और सामाजिक जिम्मेदारी से सराबोर रहा। जब वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों कन्याओं के फेरे संपन्न हुए, तो वहां उपस्थित हर व्यक्ति की आंखें खुशी और संतोष से नम हो उठीं।

कार्यक्रम में नवविवाहित जोड़ों को पूर्ण गृहस्थी का सामान भेंट किया गया, जिससे वे अपने वैवाहिक जीवन की शुरुआत आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता के साथ कर सकें। आयोजन में हर छोटी-बड़ी रस्म को पूरी श्रद्धा और परंपरा के साथ निभाया गया।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित लायंस क्लब के पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर जितेंद्र चौहान और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर द्वितीय अजय भार्गव ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अपने संबोधन में जितेंद्र चौहान ने समाज के सक्षम वर्ग से आह्वान किया कि वे आगे आकर इस प्रकार के सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि जरूरतमंद परिवारों की बेटियों को सम्मानजनक जीवन की शुरुआत मिल सके।
अजय भार्गव ने कहा कि लायंस क्लब हमेशा से सेवा और सामाजिक सरोकारों के लिए समर्पित रहा है, और इस तरह के आयोजन समाज में सहयोग, समरसता और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करते हैं।

क्लब के अध्यक्ष विशाल सिंघल और सचिव संजय गुप्ता ने बताया कि यह क्लब का पहला सामूहिक विवाह समारोह है, लेकिन भविष्य में इसे और बड़े स्तर पर आयोजित करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद कन्याओं को इसका लाभ मिल सके।

समारोह के दौरान क्लब सदस्यों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ दूल्हा-दुल्हनों का स्वागत किया और आरती उतारी। अतिथियों का स्वागत कोषाध्यक्ष आशीष गर्ग द्वारा किया गया।

इस अवसर पर निखिल अग्रवाल, नीतू, सौम्या गुप्ता, रूपाली, नेहा, अंकित, रोहित, सौरभ अग्रवाल, पारुल गोयल, भावेश शाह, हेमंत वशिष्ठ, राज बंसल, गोविंद सुगंधी, जितेंद्र गुप्ता, सुमित, निधि अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Top of Form

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor