अलंकार अग्निहोत्री ने राजनीति के पथ पर बढ़ाया कदम, बोले- यूजीसी नियमों से उठे सियासी भूचाल में बीजेपी का 50% कोर वोटर अलग, जल्द अपनी नई पार्टी गठित करेंगे
-रमेश कुमार सिंह- बरेली। यूजीसी नियमों के विरोध में बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट पद से इस्तीफा देकर सुर्खियों में आए निलंबित नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने भारतीय राजनीति को लेकर बड़ा और आक्रामक दावा किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का लगभग 50 प्रतिशत कोर वोटर, जिसमें जनरल और ओबीसी वर्ग की बड़ी हिस्सेदारी थी, अब उससे पूरी तरह अलग हो चुका है। मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था को उन्होंने पूरी तरह ध्वस्त बताते हुए कहा कि देश को अब एक नए राष्ट्रीय राजनीतिक विकल्प की जरूरत है।
महाशिवरात्रि के दिन बरेली पहुंचे अलंकार अग्निहोत्री ने रविवार रात पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वे जल्द ही एक नई राष्ट्रीय राजनीतिक पार्टी का गठन करने जा रहे हैं। इसके लिए सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ताओं से सलाह ली जा रही है। उन्होंने बताया कि 20 से 25 दिनों के भीतर पार्टी का नाम, संविधान और घोषणा पत्र तैयार कर भारत निर्वाचन आयोग को पंजीकरण के लिए आवेदन कर दिया जाएगा।
बीजेपी अब प्रासंगिकता खो चुकी
अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि बीजेपी का अस्तित्व अब खत्म होने के कगार पर है। ये लोग सिर्फ हिंदू-मुस्लिम भेदभाव और दंगों के डर पर चुनाव जीतते आए हैं। नरेंद्र मोदी ने देश को जोड़ने के बजाय तोड़ दिया है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी के करीब 60 प्रतिशत पदाधिकारी उनके साथ आने को तैयार हैं।
अलंकार अग्निहोत्री ने कहा, मैंने कल ही एक ई-मेल आईडी जारी की थी। आपको जानकर हैरानी होगी कि अब तक आए आवेदनों में लगभग 60 प्रतिशत आवेदन बीजेपी के मौजूदा पदाधिकारियों के हैं, जो पार्टी छोड़कर हमारे साथ जुड़ना चाहते हैं। केंद्र सरकार के रूप में बीजेपी अब अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता खो चुकी है।
रुचि तिवारी प्रकरण पर तीखा बयान
दिल्ली में पत्रकार रुचि तिवारी के साथ हुई घटना पर दुख जताते हुए उन्होंने कहा, मैं उनसे मिला हूं और पूरा देश उनके साथ है। अगर जिम्मेदार लोग इस्तीफा नहीं दे सकते तो कम से कम सच बोलने की हिम्मत तो दिखाएं।
‘सफेदपोश’ ब्राह्मण समाज पर सवाल
अलंकार अग्निहोत्री ने अपनी ही बिरादरी के ‘सफेदपोश’ लोगों पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, मैं अपने ब्राह्मण समाज से पूछना चाहता हूं कि क्या आप में जरा भी ब्राह्मणत्व बचा है? अगर मेरे बारे में कोई ऐसी बात कहता तो मैं तत्काल इस्तीफा दे देता। आपकी चुप्पी की वजह से ही बेटियों की बेइज्जती हो रही है। अगर एक व्यक्ति भी मजबूती से खड़ा हो जाए, तो हालात बदल सकते हैं।
‘एपस्टीन फाइल्स’ और मीडिया पर हमला
‘एपस्टीन फाइल्स’ मुद्दे पर उन्होंने कहा कि विदेशों में इस मामले को लेकर लोग इस्तीफे दे रहे हैं, लेकिन भारत में मीडिया ब्लैकआउट कर सच्चाई छिपाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ‘बांटो और राज करो’ की नीति पर राजनीति कर रही है।
परशुराम धाम में शक्ति प्रदर्शन
रविवार को एक बार फिर बरेली पहुंचे अलंकार अग्निहोत्री ने कैंट स्थित परशुराम धाम में मत्था टेककर आशीर्वाद लिया। इस दौरान जाति विशेष के लोगों ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया, जिसे उनके बढ़ते सामाजिक-राजनीतिक समर्थन के रूप में देखा जा रहा है।