बेहतर पुलिसिंग में नाकाम बालूगंज चौकी इंचार्ज सहित सभी आठ पुलिसकर्मी निलंबित किये गये

आगरा।  आगरा पुलिस कमिश्नरेट ने लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। बालूगंज चौकी इंचार्ज सहित इसी चौकी के आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित (सस्पेंड) कर दिया गया है। यह कार्रवाई अपर पुलिस आयुक्त (एडीसीपी) आदित्य कुमार के निर्देश पर की गई, जिसकी पुष्टि पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) शहर सोनम कुमार ने की है। पूरी पुलिस चौकी सस्पेंड होने से महकमे में खलबली की स्थिति है।

Jul 31, 2025 - 18:26
 0
बेहतर पुलिसिंग में नाकाम बालूगंज चौकी इंचार्ज सहित सभी आठ पुलिसकर्मी निलंबित किये गये

अपराध रोकने में विफल और जिम्मेदारियों में ढिलाई

सूत्रों के मुताबिक, यह सभी पुलिसकर्मी अपने-अपने क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा के बुनियादी कर्तव्यों को निभाने में असफल पाए गए। विशेष रूप से बालूगंज क्षेत्र में अपराध की घटनाएं और जनशिकायतों की अनदेखी के चलते यह कार्रवाई की गई।

पुलिस विभाग ने यह स्पष्ट किया कि समय पर गश्त, सूचना संकलन, और शिकायत निस्तारण जैसे प्राथमिक दायित्वों में गंभीर लापरवाही हुई, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। इस कड़ी कार्रवाई कर विभाग को संदेश दे दिया गया है कि पुलिसिंग में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। जिन अधिकारियों और जवानों से समाज को सुरक्षा की अपेक्षा है, यदि वही जिम्मेदारी नहीं निभाएंगे तो विभाग को कठोर कदम उठाने होंगे।

इस कार्रवाई का उद्देश्य अनुशासन बनाए रखना, कर्तव्यनिष्ठ पुलिसिंग को बढ़ावा देना, और अन्य पुलिसकर्मियों को सतर्क संदेश देना है।

डीसीपी सोनम कुमार ने दी पुलिसकर्मियों के सस्पेंड होने की जानकारी देते अन्य पुलिस इकाइयों को भी सतर्क रहने की हिदायत दी है। निलंबित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध जांच भी होगी, जिसमें उनकी ड्यूटी से संबंधित रजिस्टर, गश्ती रिपोर्ट और क्षेत्रीय शिकायतों का परीक्षण किया जाएगा।

SP_Singh AURGURU Editor